मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सपरिवार की जनगणना-2027 के दूसरे चरण की स्व-गणना, प्रदेशवासियों से की भागीदारी की अपील

डिजिटल माध्यम से परिवार का विवरण किया ऑनलाइन दर्ज; बोले—उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप विकास योजनाएं बनाने में अहम होंगे जनगणना के आंकड़े

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 16 Nov, 2026 06:11 PM
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सपरिवार की जनगणना-2027 के दूसरे चरण की स्व-गणना, प्रदेशवासियों से की भागीदारी की अपील

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में सपरिवार जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत डिजिटल माध्यम से स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की। उन्होंने अपने परिवार से संबंधित आवश्यक विवरण आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज किए और प्रदेशवासियों से भी इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े प्रदेश की भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उत्तराखंड जैसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में जनसंख्या के सटीक आंकड़ों का विशेष महत्व है। पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल सहित बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए क्षेत्रवार जनसंख्या और स्थानीय आवश्यकताओं की विश्वसनीय जानकारी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़ों से विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने में मदद मिलेगी।

डिजिटल स्व-गणना से नागरिकों की सीधी भागीदारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना-2027 में डिजिटल तकनीक का उपयोग एक महत्वपूर्ण पहल है। ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा के माध्यम से नागरिक अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना प्रक्रिया में लोगों की सीधी भागीदारी सुनिश्चित होगी और सूचनाओं के संकलन में भी सुगमता आएगी।

उन्होंने प्रदेशवासियों से निर्धारित अवधि के भीतर स्व-गणना पूरी करने और जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों को आवश्यक सहयोग देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक परिवार की सहभागिता से जनगणना के आंकड़ों की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।

16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत उत्तराखंड के गैर-हिमाच्छादित क्षेत्रों में 16 से 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे।

इस अवसर पर सचिव जनगणना दीपक कुमार, निदेशक जनगणना कार्य निदेशालय उत्तराखंड इवा आशीष श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप निदेशक प्रवीण कुमार, राजू कुमार बनवारी और सहायक निदेशक संजीव कुमार उपस्थित रहे।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.