सीएम धामी से मिले अक्षय कुमार, उत्तराखण्ड की फिल्म नीति पर चर्चा
मसूरी-लैंढौर में आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं बॉलीवुड अभिनेता, मुख्यमंत्री ने प्रदेश को बताया प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 18 Oct, 2026 02:06 PMदेहरादून। उत्तराखण्ड में फिल्म निर्माण और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की फिल्म नीति और शूटिंग की संभावनाओं पर जोर दिया। रविवार को मुख्यमंत्री आवास में प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश की फिल्म नीति, फिल्म निर्माण के लिए उपलब्ध सुविधाओं और उत्तराखण्ड को प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के विषय पर चर्चा हुई।
अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लैंढौर क्षेत्र में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। प्रदेश में उनकी मौजूदगी से एक बार फिर उत्तराखण्ड की प्राकृतिक सुंदरता और फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण चर्चा में है।
फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रही उत्तराखण्ड की खूबसूरती
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। प्रदेश की नैसर्गिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध भौगोलिक परिस्थितियां फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षण का केंद्र हैं। यहां बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग होने से राज्य की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हो रही है।
फिल्म नीति-2024 से मिल रही सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की उत्तराखण्ड फिल्म नीति-2024 के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। फिल्म निर्माताओं को सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से शूटिंग की अनुमति सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान की व्यवस्था भी की गई है, जिससे प्रदेश में फिल्म उद्योग के विस्तार को बढ़ावा मिल सके।
स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखण्ड में अधिक से अधिक फिल्मों की शूटिंग को प्रोत्साहित करना और स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों तथा युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करना है। फिल्म निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में वृद्धि होने से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन और अन्य स्थानीय कारोबारों को भी लाभ मिलता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने और फिल्म निर्माताओं को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #AkshayKumar #UttarakhandFilmPolicy #FilmShooting #Dehradun #Mussoorie #Yugvarta



No Previous Comments found.