उत्तराखंड में आपदा से निपटने की व्यापक तैयारी, 1,200 से अधिक स्थानों पर मॉक ड्रिल; मंत्री मदन कौशिक ने एसईओसी पहुंचकर परखी व्यवस्थाएं

सिल्क्यारा रेस्क्यू अभियान की वर्षगांठ पर पहली बार आयोजित हुआ आपदा प्रबंधन दिवस, 3,000 से अधिक स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम; मॉक अभ्यास में सामने आई कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 28 Nov, 2026 05:49 PM
उत्तराखंड में आपदा से निपटने की व्यापक तैयारी, 1,200 से अधिक स्थानों पर मॉक ड्रिल; मंत्री मदन कौशिक ने एसईओसी पहुंचकर परखी व्यवस्थाएं

देहरादून, 29 नवंबर 2026। उत्तराखंड में आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने और राहत एवं बचाव तंत्र की कार्यक्षमता का आकलन करने के लिए शनिवार को राज्यव्यापी मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की वर्षगांठ के अवसर पर पहली बार आयोजित आपदा प्रबंधन दिवस के तहत हुए इस व्यापक अभ्यास में प्रदेश के सभी 13 जनपदों और तहसील स्तर पर गठित घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) की टीमों ने हिस्सा लिया। चार दिवसीय कार्यक्रमों के दौरान प्रदेश में 1,200 से अधिक स्थानों पर मॉक ड्रिल और 3,000 से अधिक स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) पहुंचकर राज्य स्तरीय मॉक अभ्यास का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को अभ्यास के दौरान सामने आई कमियों और चुनौतियों का गंभीरता से विश्लेषण कर उन्हें समयबद्ध तरीके से दूर करने के निर्देश दिए।

मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि सिल्क्यारा रेस्क्यू अभियान केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए साहस, धैर्य, समन्वय और मानवीय संकल्प की ऐतिहासिक मिसाल है। इस अभियान ने साबित किया कि कठिन से कठिन आपदा की स्थिति में भी यदि सभी एजेंसियां स्पष्ट रणनीति और बेहतर तालमेल के साथ काम करें तो चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सफलता हासिल की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन दिवस केवल किसी घटना को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि उससे मिली सीख को भविष्य की तैयारियों में शामिल करने का माध्यम है। मॉक अभ्यास के जरिए यह परखा जाता है कि वास्तविक आपदा के समय सरकारी व्यवस्थाएं, राहत एवं बचाव दल और विभिन्न विभाग कितनी तत्परता से काम कर सकते हैं।

तकनीक और बेहतर समन्वय से मजबूत होगा आपदा प्रबंधन तंत्र

मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं और यहां भूकंप, भूस्खलन, अतिवृष्टि, बादल फटने तथा बाढ़ जैसी आपदाओं का खतरा बना रहता है। ऐसे में समय रहते चेतावनी जारी करना, त्वरित प्रतिक्रिया देना और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में आपदा प्रबंधन को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है। एआई आधारित अर्ली वार्निंग सिस्टम, डिजिटल मॉनिटरिंग, ड्रोन सर्विलांस, जीआईएस मैपिंग, सैटेलाइट मॉनिटरिंग और डेटा आधारित जोखिम आकलन जैसी तकनीकों का उपयोग बढ़ाया जा रहा है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य संभावित खतरों का समय रहते आकलन कर जन-धन की हानि को न्यूनतम करना है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों तक समय पर चेतावनी पहुंचाने और आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से संचालित करने के लिए रैपिड रिस्पॉन्स टीमों तथा अर्ली वार्निंग सिस्टम को लगातार सशक्त बनाया जाए।

1,200 से अधिक स्थानों पर मॉक ड्रिल, 3,000 से ज्यादा जगहों पर जागरूकता अभियान

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि आपदा प्रबंधन दिवस के तहत शनिवार को 150 स्थानों पर राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की गई। वहीं, चार दिवसीय कार्यक्रमों के दौरान प्रदेशभर में कुल 1,200 से अधिक स्थानों पर मॉक अभ्यास के माध्यम से आपदा की स्थिति में विभागों की प्रतिक्रिया और तैयारियों का परीक्षण किया गया।

इसके अतिरिक्त 3,000 से अधिक स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को आपदा से बचाव, सुरक्षित व्यवहार, प्राथमिक तैयारियों और आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले उपायों की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि सिल्क्यारा रेस्क्यू अभियान की वर्षगांठ और प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर आयोजित चार दिवसीय कार्यक्रमों का शनिवार को समापन हो गया।

एसईओसी ड्यूटी ऑफिसर की जिम्मेदारियों पर एसओपी जारी

निरीक्षण के दौरान मंत्री मदन कौशिक ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के ड्यूटी ऑफिसर के दायित्वों पर आधारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का विमोचन भी किया।

उन्होंने कहा कि एसईओसी प्रदेश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी बेहद अहम होती है। नई एसओपी के माध्यम से उनके दायित्वों, कार्यप्रणाली और आपातकालीन परिस्थितियों में की जाने वाली कार्रवाई को अधिक स्पष्ट एवं व्यवस्थित किया गया है।

अत्याधुनिक रेस्क्यू उपकरणों का किया अवलोकन

कार्यक्रम के दौरान एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन विभाग और भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली से संबंधित अत्याधुनिक उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। मंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न उपकरणों की कार्यप्रणाली और आपदा के दौरान उनकी उपयोगिता की जानकारी ली।

प्रदर्शनी में एनडीआरएफ द्वारा रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल, परमाणु एवं विस्फोटक (सीबीआरएनई) आपदाओं से निपटने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले विशेष उपकरण आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अलावा डीप डाइविंग सेट, नाइट विजन कैमरा, थर्मल इमेजिंग कैमरा, हाइड्रोलिक कटर, अंडरवाटर कम्युनिकेशन सिस्टम, अंडरवाटर ड्रोन और सोनार सिस्टम का भी प्रदर्शन किया गया।

भूकंप से लेकर बादल फटने और सुरंग हादसों तक का अभ्यास

चार दिवसीय मॉक अभ्यास में विभिन्न प्रकार की आपदाओं को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग परिदृश्य तैयार किए गए। भूकंप की स्थिति में क्षतिग्रस्त इमारतों से मलबे में फंसे लोगों को निकालने और घायलों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का अभ्यास किया गया।

भूस्खलन और सड़क अवरोध के परिदृश्यों में बाधित मार्गों को खोलने तथा प्रभावित क्षेत्रों तक राहत दलों की पहुंच सुनिश्चित करने की तैयारियां परखी गईं। वहीं, बाढ़, अतिवृष्टि और बादल फटने की स्थिति में प्रभावित आबादी को सुरक्षित निकालने और राहत शिविरों तक पहुंचाने का अभ्यास किया गया।

जंगल की आग और अग्निकांड के दौरान अग्निशमन विभाग तथा अन्य एजेंसियों के बीच समन्वय, नदी में डूबने की घटनाओं, सड़क दुर्घटनाओं और सुरंग एवं निर्माण स्थलों पर हादसों से निपटने की तैयारियों का भी परीक्षण हुआ।

इसके अलावा धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर अत्यधिक भीड़ के कारण भगदड़, आकाशीय बिजली गिरने, बांध या जलाशय से अचानक पानी छोड़े जाने और आपदा के दौरान संचार व्यवस्था बाधित होने जैसे संवेदनशील परिदृश्यों को भी मॉक ड्रिल में शामिल किया गया।

इस अवसर पर आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला, लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) रघुवीर सिंह भंडारी, सचिव विनोद कुमार सुमन, अपर सचिव प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं डीआईजी राजकुमार नेगी, एसडीआरएफ कमांडेंट अजय गणपति तथा संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Uttarakhand #DisasterManagement #MadanKaushik #SilkyaraRescue #MockDrill #SEOC #SDRF #NDRF #Dehradun #UttarakhandNews


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.