उत्तराखंड में दोहरे नाम वाले मतदाताओं की होगी जांच, DSE मॉड्यूल से चिन्हित होंगे डुप्लीकेट वोटर
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 27 Nov, 2026 09:58 PMदेहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने के लिए निर्वाचन विभाग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान तेज कर दिया है। इसके तहत दो स्थानों पर नाम दर्ज कराने वाले मतदाताओं को डुप्लीकेट सिमिलर एंट्री (DSE) मॉड्यूल के माध्यम से चिन्हित किया जाएगा। ऐसे मामलों की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत प्रदेश में चल रही गतिविधियों और मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से दी गई।
फार्म-6, 7 और 8 के जरिए मतदाता सूची में सुधार
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि SSR अभियान के तहत मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि को ठीक करने के लिए दावा एवं आपत्ति दर्ज करने की निर्धारित अवधि तक निरंतर अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि मतदाताओं के नाम, पते और अन्य विवरणों में त्रुटियों को सुधारने के लिए बूथ लेवल एजेंट (BLA) के माध्यम से भी फार्म-8 भरवाए जाएं, ताकि पात्र मतदाताओं का विवरण सही किया जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में ऐसे मतदाता, जिनके नाम दो अलग-अलग स्थानों पर दर्ज हैं, उन्हें DSE (Duplicate Similar Entry) मॉड्यूल के माध्यम से चिन्हित किया जाएगा। इसके बाद संबंधित मामलों की नियमानुसार जांच और निस्तारण किया जाएगा।
अब तक मिले करीब 1.01 लाख आवेदन
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अभियान की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि 12 नवंबर 2026 से अब तक प्रदेश में फार्म-6 के लगभग 50 हजार, फार्म-7 के करीब 8 हजार और फार्म-8 के लगभग 43 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं।
इन आवेदनों के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता सूची से नाम हटाने तथा मौजूदा प्रविष्टियों में संशोधन से संबंधित प्रक्रियाएं संचालित की जा रही हैं।
4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत दावा एवं आपत्तियां दर्ज करने की प्रक्रिया 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक चलेगी। इसके बाद 28 दिसंबर 2026 तक प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
भारतीय जनता पार्टी की ओर से राजकुमार पुरोहित और अरविंद जैन, इंडियन नेशनल कांग्रेस से मनोज रावत, बहुजन समाज पार्टी से सतेंद्र सिंह, आम आदमी पार्टी से सीपी सिंह तथा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) से अनंत आकाश ने बैठक में प्रतिभाग किया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि मतदाता सूची में त्रुटियों को दूर करना और पात्र मतदाताओं का सही विवरण सुनिश्चित करना निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाने के लिए आवश्यक है।


No Previous Comments found.