सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन के तीन साल पूरे होने पर CM धामी ने किया विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ, ₹1 करोड़ देने की घोषणा

50 से अधिक देशों के विशेषज्ञ जुटे देहरादून में, छह महाद्वीपों में एक साथ होगा आपदा प्रबंधन पर मंथन; हिमालयी क्षेत्रों की आपदा चुनौतियों और जलवायु परिवर्तन पर रहेगा विशेष फोकस

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 28 Nov, 2026 08:59 PM
सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन के तीन साल पूरे होने पर CM धामी ने किया विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ, ₹1 करोड़ देने की घोषणा

देहरादून, 28 नवंबर 2026। उत्तराखंड को वैश्विक आपदा प्रबंधन विमर्श के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून के कॉरपस फंड के लिए ₹1 करोड़ देने की घोषणा की। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और आपदा प्रबंधन संस्थानों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।

सिलक्यारा सुरंग रेस्क्यू ऑपरेशन की ऐतिहासिक सफलता के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित यह सम्मेलन आपदा प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों, वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को नई दिशा देने का साझा मंच बना है। सम्मेलन में भारत के 30 से अधिक राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की सहभागिता है। इसकी विशेषता यह भी है कि छह महाद्वीपों में एक साथ विभिन्न सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।

आपदा प्रबंधन में वैश्विक नेतृत्व की दिशा में उत्तराखंड की पहल

मुख्यमंत्री धामी ने सम्मेलन को उत्तराखंड के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि इस आयोजन से राज्य को आपदा प्रबंधन, अनुसंधान और वैश्विक सहयोग के क्षेत्र में एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। दुनिया के विभिन्न देशों के अनुभवों, आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक अनुसंधानों को साझा करने से आपदाओं से निपटने के लिए अधिक प्रभावी एवं समन्वित रणनीतियां तैयार की जा सकेंगी।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों के साथ देश के विभिन्न राज्यों और लगभग 50 देशों की सहभागिता यह दर्शाती है कि आपदा प्रबंधन अब किसी एक देश या क्षेत्र तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि पूरी मानवता की साझा जिम्मेदारी है। यह आयोजन ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को भी साकार करता है।

सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन: 41 श्रमिकों की सुरक्षित वापसी बनी वैश्विक मिसाल

सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने वर्ष 2023 के सिलक्यारा सुरंग हादसे को याद करते हुए कहा कि 28 नवंबर का दिन उत्तराखंड के लिए विशेष महत्व रखता है। सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद सुरक्षित बाहर निकालना मानवता, साहस, धैर्य और सामूहिक संकल्प की ऐतिहासिक विजय थी।

उन्होंने कहा कि उस समय पूरा देश श्रमिकों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना कर रहा था। सुरंग के बाहर उनके परिजनों की चिंता और प्रदेशवासियों की उम्मीदों के बीच बचाव अभियान लगातार जारी रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी प्रतिदिन उनसे संवाद कर अभियान की जानकारी लेते रहे और आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करते रहे। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के सहयोग को कठिन समय में अभिभावक के समान संबल बताया।

धामी ने श्रमिक गब्बर सिंह नेगी सहित सभी 41 श्रमिकों के धैर्य और साहस की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस अभियान में इंजीनियरों, वैज्ञानिकों, रैट माइनर्स, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, केंद्रीय एवं राज्य एजेंसियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। विशेष रूप से रैट माइनर्स ने अंतिम चरण में अपने कौशल और साहस से बचाव अभियान को सफलता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आपदाएं बनीं वैश्विक चुनौती

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दुनिया के विभिन्न देश जलवायु परिवर्तन के कारण गंभीर प्राकृतिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। कहीं अतिवृष्टि और बाढ़ की घटनाएं बढ़ रही हैं, तो कहीं सूखा, भूस्खलन, वनाग्नि और चरम मौसमी परिस्थितियां जनजीवन को प्रभावित कर रही हैं। इनका असर केवल जन-धन की हानि तक सीमित नहीं है, बल्कि कृषि, अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक संसाधनों और सामाजिक संरचना पर भी पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आपदा प्रबंधन को केवल राहत एवं बचाव तक सीमित रखने के बजाय पूर्वानुमान, पूर्व तैयारी और आपदा जोखिम न्यूनीकरण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आपदा आने के बाद कार्रवाई करने के साथ ही संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान करना और जनहानि को न्यूनतम करना आवश्यक है।

हिमालयी क्षेत्रों की सुरक्षा पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सहित पूरा हिमालयी क्षेत्र भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा, 2021 की चमोली आपदा, सिलक्यारा सुरंग हादसा और हाल के वर्षों में हुई प्राकृतिक आपदाएं इस क्षेत्र की संवेदनशीलता को स्पष्ट करती हैं।

उन्होंने कहा कि हिमालय से निकलने वाली नदियां करोड़ों लोगों के जीवन का आधार हैं। यहां के ग्लेशियर, वन, जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र पूरे क्षेत्र की जल एवं पर्यावरणीय सुरक्षा से जुड़े हैं। जलवायु परिवर्तन के कारण ग्लेशियरों पर पड़ रहे प्रभाव, बादल फटने, अतिवृष्टि, भूस्खलन और बाढ़ जैसी घटनाओं का वैज्ञानिक अध्ययन तथा प्रभावी पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित करना समय की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, नेपाल और भूटान सहित पूरे हिमालयी क्षेत्र की समान चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके समाधान के लिए क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साझा प्रयास जरूरी हैं।

AI, ड्रोन और सैटेलाइट तकनीक से मजबूत होगा आपदा प्रबंधन

आपदा प्रबंधन में आधुनिक तकनीक की भूमिका पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, रिमोट सेंसिंग, जीआईएस, सैटेलाइट मॉनिटरिंग और ड्रोन तकनीक के माध्यम से आपदा संबंधी जोखिमों का बेहतर आकलन किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि इन तकनीकों का लाभ प्रदेश के अंतिम गांव तक पहुंचना चाहिए, ताकि संभावित आपदा की समय रहते चेतावनी जारी की जा सके और लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा सके। आधुनिक तकनीक के साथ पारंपरिक ज्ञान और स्थानीय समुदायों के अनुभवों का समन्वय भी आपदा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बना सकता है।

‘रेजिलिएंस स्टार्ट्स एट होम’ थीम पर होगा व्यापक मंथन

सम्मेलन की थीम ‘Resilience Starts at Home – Anticipating Risks, Building Resilience, Transforming Future’ को प्रासंगिक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा से मुकाबले की तैयारी केवल सरकारी संस्थाओं और विशेषज्ञों तक सीमित नहीं रह सकती। इसकी शुरुआत घर, गांव, विद्यालय, कार्यालय और स्थानीय समुदाय से होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को आपदा के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी होनी चाहिए। प्रशिक्षित युवा, पंचायतें, स्थानीय संस्थाएं और समुदाय आधारित चेतावनी प्रणालियां आपदा के प्रभाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

सम्मेलन के हाइब्रिड एवं विकेंद्रीकृत स्वरूप की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि छह महाद्वीपों में एक साथ सत्र आयोजित होने से वैश्विक विशेषज्ञों और संस्थानों को जोड़ने का अवसर मिला है। इससे अंतरराष्ट्रीय सहयोग के साथ यात्रा से होने वाले कार्बन उत्सर्जन को कम करने में भी मदद मिलेगी।

धराली आपदा का किया उल्लेख, प्रभावितों के प्रति संवेदनशीलता को बताया प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में आई आपदा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रतिकूल मौसम और कठिन परिस्थितियों के बावजूद वह स्वयं हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्र पहुंचे थे। वहां उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।

उन्होंने इस दौरान गुजरात की एक महिला द्वारा उन्हें धर्मभाई मानकर राखी बांधने के भावुक प्रसंग को भी साझा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के समय लोगों का विश्वास और स्नेह सरकार को प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़े रहने की प्रेरणा देता है।

विकास से अधिक महत्वपूर्ण मानव जीवन की सुरक्षा

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विकास की कोई भी परियोजना मानव जीवन की सुरक्षा से अधिक महत्वपूर्ण नहीं हो सकती। इसलिए प्रत्येक विकास योजना में पर्यावरणीय संतुलन, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के पहलुओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। विकास और पारिस्थितिकी के बीच संतुलन स्थापित करके ही सुरक्षित एवं टिकाऊ भविष्य का निर्माण संभव है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार एसडीआरएफ को मजबूत करने, आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने, पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित करने, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी और स्थानीय समुदायों को प्रशिक्षित करने पर विशेष ध्यान दे रही है। राहत एवं बचाव कार्यों के साथ प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास और पुनर्निर्माण को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि तीन दिवसीय सम्मेलन में होने वाला विचार-विमर्श उत्तराखंड सहित पूरे हिमालयी क्षेत्र और दुनिया के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। इससे आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में नई नीतियों, वैज्ञानिक अनुसंधान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के रास्ते खुलेंगे।

इस अवसर पर उत्तराखंड आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रोहिल्ला, दून विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. सुरेखा डंगवाल, पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य डॉ. दिनेश कुमार असवाल, विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधि, वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.