उत्तराखंड में विकास कार्यों को रफ्तार: मुख्यमंत्री धामी ने ₹53.72 करोड़ की वित्तीय स्वीकृतियां दीं
रामनगर में सीवरेज सिस्टम से लेकर राजस्व अभिलेखागारों के आधुनिकीकरण तक कई योजनाओं को मंजूरी, मंदिर सौंदर्यीकरण और सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार के लिए भी जारी हुई धनराशि
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 30 Aug, 2026 07:11 PMदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए कुल ₹53.72 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत धनराशि से रामनगर में सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने, राजस्व अभिलेखागारों के आधुनिकीकरण, धार्मिक स्थल के सौंदर्यीकरण और सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार जैसे कार्य किए जाएंगे।
रामनगर में सीवरेज व्यवस्था होगी मजबूत
मुख्यमंत्री ने नैनीताल जिले के रामनगर शहर में सीवरेज योजना के जोन-1 के अंतर्गत वर्तमान 7 एमएलडी सीवेज शोधन संयंत्र से जुड़े ट्रंक और शाखा सीवर निर्माण कार्य के लिए ₹42.75 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
इस परियोजना से रामनगर शहर में सीवरेज नेटवर्क को बेहतर बनाने और सीवेज प्रबंधन की व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
राजस्व अभिलेखागारों का होगा आधुनिकीकरण
प्रदेश के राजस्व कार्यालयों में स्थित राजस्व अभिलेखागारों के आधुनिकीकरण के लिए ₹10 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इसके तहत राजस्व परिषद, मंडलायुक्त कार्यालयों और जिला कार्यालयों आदि में स्थित अभिलेखागारों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का कार्य किया जाएगा।
इससे पुराने राजस्व अभिलेखों के बेहतर संरक्षण, व्यवस्थित प्रबंधन और रिकॉर्ड व्यवस्था को अधिक आधुनिक एवं प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
देवराड़ी देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए पहली किश्त जारी
चमोली जिले के कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के रानीगढ़ (देवल) स्थित आराध्य मां आदिशक्ति देवराड़ी देवी पौराणिक मंदिर के सौंदर्यीकरण और प्रांगण के विस्तार के लिए ₹98.28 लाख की कुल धनराशि के सापेक्ष मुख्यमंत्री ने प्रथम किश्त के रूप में ₹58.968 लाख की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इससे संबंधित शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।
मंदिर के सौंदर्यीकरण और प्रांगण विस्तार से धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाले इस स्थल पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार को ₹39 लाख
देहरादून में स्थित राज्य स्तरीय सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार के लिए भी वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके लिए स्वीकृत ₹142.89 लाख की कुल धनराशि के सापेक्ष अवशेष ₹39 लाख की धनराशि को मंजूरी दी गई है। इस संबंध में शासनादेश जारी हो चुका है।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अवतार सिंह के नाम पर होगा राज्य मार्ग
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी गढ़वाल जिले के लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के नैनीडांडा विकासखंड में स्थित स्व. जगमोहन सिंह नेगी (लक्ष्मणझूला-दुगड्डा-रथुवाड़ाब-धुमाकोट) राज्य मार्ग मोटर मार्ग का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. अवतार सिंह के नाम पर किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की है।
सरकार के इस निर्णय के बाद उक्त राज्य मार्ग स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. अवतार सिंह के नाम से जाना जाएगा। यह निर्णय स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले सेनानियों के सम्मान और उनकी स्मृतियों को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



No Previous Comments found.