धामी सरकार के बड़े फैसले: खेल पुरस्कार राशि दोगुनी, अब 50 खेलों में होगी मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिता
हर ग्राम पंचायत में बनेगा मुख्यमंत्री खेल क्लब, सफाई कर्मियों के मानदेय में वृद्धि को मंजूरी; पीआरडी जवानों के मानदेय पर समिति गठित करने का निर्णय
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 25 Nov, 2026 04:44 PMदेहरादून। उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और विभिन्न वर्गों के कल्याण की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी’ के तहत विभिन्न स्तरों पर आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं की पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी, खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने और प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में ‘मुख्यमंत्री खेल क्लब’ गठित करने के प्रस्तावों को अनुमोदन प्रदान किया है। इसके साथ ही सफाई कर्मियों के मानदेय में वृद्धि, पीआरडी जवानों के मानदेय और युवाओं के लिए खेल एवं अग्निवीर प्रशिक्षण सुविधाओं से जुड़े फैसले भी लिए गए हैं।
मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के विजेताओं को मिलेगा बढ़ा हुआ पुरस्कार
मुख्यमंत्री के अनुमोदन के बाद न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक खेल प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में वृद्धि की जाएगी। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 200 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये और तृतीय पुरस्कार 150 रुपये से बढ़ाकर 200 रुपये किया गया है।
वहीं, विधानसभा स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार की राशि क्रमशः 500, 400 और 300 रुपये से बढ़ाकर 700, 500 और 400 रुपये कर दी गई है।
संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रथम पुरस्कार 800 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 600 रुपये से बढ़ाकर 800 रुपये और तृतीय पुरस्कार 400 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये किया गया है।
राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 1,000 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 700 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये किया गया है।
ओवरऑल विजेता जिले को अब मिलेगा 10 लाख का मुख्यमंत्री कप
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के अंतर्गत ओवरऑल विजेता जनपद को प्रदान किए जाने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि भी दोगुनी करने का अनुमोदन दिया है। अब विजेता जनपद को 5 लाख रुपये के स्थान पर 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।
इसके अलावा प्रतियोगिता में शामिल खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने का निर्णय लिया गया है। इसमें उत्तराखंड के पारंपरिक खेलों को भी विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। प्रतियोगिता के आयोजन के लिए कुल बजट में भी आवश्यकतानुसार वृद्धि की जाएगी।
हर ग्राम पंचायत में गठित होगा मुख्यमंत्री खेल क्लब
ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर प्रतिभाओं को पहचान दिलाने के उद्देश्य से प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में ‘मुख्यमंत्री खेल क्लब’ गठित किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। इससे गांवों में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
पीआरडी जवानों के मानदेय पर समिति करेगी विचार
प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के हित में भी मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। पीआरडी जवानों को होमगार्ड जवानों के समान मानदेय दिए जाने के संबंध में समिति गठित कर आवश्यक कार्यवाही किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
युवाओं के लिए मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र
देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी रिक्त भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र के निर्माण का रास्ता भी साफ हुआ है। मुख्यमंत्री ने संबंधित भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इससे स्थानीय युवाओं को खेल सुविधाओं के साथ अग्निवीर भर्ती की तैयारी के लिए प्रशिक्षण का अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
सफाई कर्मियों के मानदेय में भी होगी वृद्धि
प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत सफाई कर्मियों के हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने उनके मानदेय में वृद्धि किए जाने के प्रस्ताव को भी अनुमोदन प्रदान किया है। इस फैसले को सफाई कर्मियों के आर्थिक हितों को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
चम्पावत में मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 1.09 करोड़ स्वीकृत
मुख्यमंत्री ने चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत ढकना बडोला स्थित श्री ऐड़ी ब्यानधुरा भूमिया मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 109.88 लाख रुपये (एक करोड़ नौ लाख अठासी हजार रुपये) की धनराशि स्वीकृत किए जाने का भी अनुमोदन दिया है।
मुख्यमंत्री के इन निर्णयों से प्रदेश में खेल गतिविधियों के विस्तार, ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, युवाओं के प्रशिक्षण और विभिन्न कर्मचारी वर्गों के कल्याण को नई गति मिलने की उम्मीद है। सरकार का उद्देश्य खेलों को गांव-गांव तक पहुंचाने के साथ युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
युगवार्ता | देहरादून


No Previous Comments found.