पांच साल में उत्तराखण्ड को विकास की नई दिशा, 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी और 3.56 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव: सीएम धामी ने जारी किया रिपोर्ट कार्ड

शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार से लेकर सड़क, रेल और पर्यटन तक सरकार की उपलब्धियों का पेश किया ब्यौरा; 3.10 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी, 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए चारधाम दर्शन

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 26 Nov, 2026 07:40 PM
पांच साल में उत्तराखण्ड को विकास की नई दिशा, 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी और 3.56 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव: सीएम धामी ने जारी किया रिपोर्ट कार्ड

देहरादून, 26 नवंबर। उत्तराखण्ड में राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को सामने रखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून में सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। आईएसबीटी स्थित एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण, औद्योगिक विकास, निवेश, पर्यटन, बुनियादी सुविधाओं, कानून व्यवस्था और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में सरकार के कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र एवं राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से उत्तराखण्ड ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में नए आयाम स्थापित किए हैं। सरकार ने योजनाएं बनाने के साथ उनके प्रभावी क्रियान्वयन और लाभ आमजन तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखण्ड का निर्माण सरकार का लक्ष्य है।

36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी, विदेशों में भी खुल रहे रोजगार के अवसर

रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन और जापानी भाषा प्रशिक्षण के लिए 158 केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। अक्टूबर 2026 तक 106 युवाओं को विदेशों में रोजगार प्राप्त हुआ है।

मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के प्रथम चरण में 11 हजार छात्र-छात्राओं को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग से जोड़ने की प्रक्रिया भी गतिमान है। शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। छात्रवृत्ति योजनाओं से 21 हजार से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हो रहे हैं। प्रदेश देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बना है, जबकि देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है।

3.10 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी, 5.19 लाख महिलाओं को मिला समूहों का सहारा

महिला सशक्तीकरण को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

उत्तराखण्ड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 5.19 लाख से अधिक महिलाओं को संगठित करते हुए 70,767 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया है। स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के लिए शुरू किए गए हाउस ऑफ हिमालयाज की बिक्री छह करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है।

नंदा गौरा योजना के तहत बेटियों के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। अक्टूबर 2026 तक चार लाख से अधिक बेटियां इस योजना से लाभान्वित हो चुकी हैं। वहीं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत लगभग 10 लाख लाभार्थियों को प्रतिमाह करीब 148 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से दिए जा रहे हैं।

किसानों को तीन लाख तक ब्याजमुक्त ऋण, मंडुआ का समर्थन मूल्य 5,200 रुपये प्रति कुंतल

किसान कल्याण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत आठ लाख से अधिक किसानों के खातों में तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की गई है।

मंडुआ की खरीद के लिए 5,200 रुपये प्रति कुंतल की दर निर्धारित की गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में खेती को प्रोत्साहित करने के लिए पॉलीहाउस निर्माण पर 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। एप्पल, कीवी और ड्रैगन फ्रूट मिशन के साथ महक क्रांति के माध्यम से सुगंधित फसलों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है।

ग्रामीण परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2022 से अब तक 39,815 परिवारों को ग्रामीण आवास का लाभ मिला है। शहरी क्षेत्रों में 53 हजार से अधिक आवास उपलब्ध कराए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत जल्द ही 50 हजार अतिरिक्त आवासों का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना के माध्यम से 6,500 से अधिक लोगों की गांवों में वापसी हुई है।

3.56 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, एक लाख करोड़ से अधिक धरातल पर उतरे

औद्योगिक विकास और निवेश के मोर्चे पर मुख्यमंत्री ने बताया कि दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान प्रदेश को 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। इनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। निवेश को बढ़ावा देने के लिए राज्य में 30 से अधिक नई नीतियां बनाई गई हैं।

खुर्पिया फार्म में अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक कॉरिडोर के तहत स्मार्ट इंडस्ट्रियल सिटी विकसित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि नीति आयोग के एसडीजी इंडेक्स 2023-24 में उत्तराखण्ड को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में राज्य को टॉप अचीवर्स और स्टार्टअप इकोसिस्टम में लीडर्स श्रेणी में स्थान मिला है। निवेश आकर्षण सूचकांक-2026 में भी उत्तराखण्ड पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में पहले स्थान पर रहा है।

आयुष्मान योजना से 17.36 लाख मरीजों को मिला कैशलेस उपचार

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल आयुष्मान योजना के अंतर्गत प्रदेश में 63.32 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। सितंबर 2026 तक 17.36 लाख से अधिक मरीजों को 3,717 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया गया है।

प्रदेश में छह राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जिनमें तीन पिछले पांच वर्षों में शुरू हुए हैं। किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण अंतिम चरण में है। एम्स ऋषिकेश से हेली एम्बुलेंस सेवा संचालित की जा रही है, जबकि हल्द्वानी में कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य जारी है। प्रदेशवासियों को 207 प्रकार की पैथोलॉजी जांचों की निःशुल्क सुविधा भी दी जा रही है।

यूसीसी लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना उत्तराखण्ड

सुशासन और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड आजादी के बाद समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। प्रदेश में 27 जनवरी 2025 से समान नागरिक संहिता लागू है। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून बनाया गया है, जिसमें गंभीर मामलों में आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।

धर्मांतरण विरोधी कानून को और सख्त बनाने के साथ दंगारोधी कानून लागू किया गया है। नए भू-कानून के तहत प्रदेश के 11 जनपदों में राज्य के बाहर के व्यक्तियों द्वारा कृषि एवं बागवानी भूमि की खरीद पर प्रतिबंध लगाया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमणमुक्त कराई गई है।

इसके अलावा अपणि सरकार पोर्टल के माध्यम से 900 से अधिक सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के जरिए शासन और प्रशासन को आम जनता के करीब लाने का प्रयास किया जा रहा है।

दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पूरा, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना 75 प्रतिशत पूर्ण

कनेक्टिविटी के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण पूरा हो चुका है। चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना पर काम जारी है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। प्रदेश में करीब 39 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है और 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।

केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है, जबकि देहरादून-मसूरी रोपवे का निर्माण कार्य गतिमान है। देहरादून एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का विस्तार किया गया है और पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 524.78 एकड़ भूमि हस्तांतरित की गई है।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तीन चरणों में 11,595 करोड़ रुपये की लागत से 2,826 सड़कों का निर्माण कर 21,915 किलोमीटर का सड़क नेटवर्क विकसित किया गया है। ऋषिकेश बाईपास परियोजना के लिए 1,105 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। देहरादून से दिल्ली और देहरादून से लखनऊ के लिए वंदे भारत रेल सेवा भी शुरू की गई है।

चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, 83 पर्वत चोटियां पर्वतारोहण के लिए खोली गईं

पर्यटन को प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा के साथ शीतकालीन यात्रा को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इससे स्थानीय कारोबार, रोजगार और पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को लाभ मिला है।

मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत 48 मंदिरों का विकास किया जा रहा है। हरिद्वार-ऋषिकेश, विवेकानंद, गोल्ज्यू, यमुना और शारदा कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। प्रदेश की 83 पर्वत चोटियों को पर्वतारोहण के लिए खोला गया है और 100 ट्रैकिंग एवं हाइकिंग रूट चिह्नित किए गए हैं।

ऋषिकेश में 100 करोड़ रुपये की लागत से राफ्टिंग बेस स्टेशन विकसित किया जा रहा है। वेडिंग डेस्टिनेशन, योग और वेलनेस पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी नीतियां बनाई गई हैं। कुंभ मेला-2027 के लिए 500 करोड़ रुपये से अधिक और नंदा देवी राजजात यात्रा के लिए 25 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।

ऊर्जा और पेयजल परियोजनाओं को मिली गति

ऊर्जा क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि टिहरी में एक हजार मेगावाट क्षमता की वेरिएबल स्पीड पंप्ड स्टोरेज परियोजना की चारों इकाइयों ने वाणिज्यिक उत्पादन शुरू कर दिया है। व्यासी जलविद्युत परियोजना से 120 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। किसाऊ बांध परियोजना को लेकर छह राज्यों के बीच समझौता हुआ है।

मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के तहत 1,132 सौर संयंत्र स्थापित किए गए हैं। जल जीवन मिशन के अंतर्गत 16,555 में से 15,540 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं और 14.48 लाख ग्रामीण परिवारों में से 14.20 लाख परिवारों को पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है। सौंग, जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं पर भी काम आगे बढ़ाया जा रहा है।

आपदा प्रबंधन में सिलक्यारा से केदारनाथ तक राहत एवं बचाव अभियानों का उल्लेख

आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को 17 दिन बाद सुरक्षित बाहर निकालने, वर्ष 2024 में केदारनाथ क्षेत्र से 15 हजार से अधिक लोगों का रेस्क्यू करने तथा अगस्त 2025 में थराली और हर्षिल क्षेत्रों में चलाए गए राहत एवं बचाव अभियानों का उल्लेख किया।

उन्होंने बताया कि भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के उपचार के लिए केंद्र सरकार से 461 करोड़ रुपये और आपदा न्यूनीकरण के लिए 113.90 करोड़ रुपये की सहायता प्राप्त हुई है। वसुंधरा ताल क्षेत्र में ग्लेशियल झील से संभावित खतरे की निगरानी के लिए अर्ली वार्निंग सेंसर लगाए जा रहे हैं।

राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखण्ड को मिले 103 पदक

खेलों के क्षेत्र में राज्य की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन किया गया, जिसमें राज्य के खिलाड़ियों ने 103 पदक हासिल किए। हल्द्वानी के गौलापार में राज्य खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की दिशा में कार्य किया गया है।

प्रदेश के आठ शहरों में 23 खेल अकादमियां संचालित हैं, जहां प्रतिवर्ष 920 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पात्र खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में चार प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत आठ से 14 वर्ष तक के 3,900 बच्चों को प्रतिमाह 1,500 रुपये की छात्रवृत्ति दी जा रही है।

राज्य आंदोलनकारियों और अग्निवीरों के कल्याण के लिए भी फैसले

मुख्यमंत्री ने बताया कि चिह्नित राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। शहीद राज्य आंदोलनकारियों के परिवारों की मासिक पेंशन तीन हजार से बढ़ाकर 5,500 रुपये, जेल गए एवं घायल आंदोलनकारियों की पेंशन छह हजार से बढ़ाकर सात हजार रुपये और सक्रिय आंदोलनकारियों की पेंशन 4,500 से बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रतिमाह की गई है।

राज्य आंदोलनकारियों के अधिकतम दो बच्चों को स्कूल और कॉलेज में निःशुल्क शिक्षा तथा उत्तराखण्ड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा भी दी गई है। अग्निवीरों के कल्याण एवं सहायता के लिए अग्निवीर सेल का गठन किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कोविड काल में प्रभावित परिवारों को दी गई सहायता का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पर्यटन, परिवहन और संस्कृति क्षेत्र के लिए 200 करोड़ रुपये, चिकित्सा क्षेत्र के लिए 205 करोड़ रुपये तथा महिला स्वयं सहायता समूहों एवं स्वरोजगार के लिए 118 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई। महामारी के दौरान माता-पिता को खोने वाले बच्चों के संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना शुरू की गई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखण्ड को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाना है। इसके लिए विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और युवाओं, महिलाओं, किसानों तथा कमजोर वर्गों के लिए नए अवसर सृजित करने पर लगातार काम किया जा रहा है।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री एवं लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, मंत्रीगण, विधायकगण, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #UttarakhandGovernment #ReportCard #Dehradun #UttarakhandDevelopment #Yugvarta


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.