धामी सरकार का विकास कार्यों पर बड़ा फैसला, प्रदेशभर में ₹32\.58 करोड़ से अधिक की योजनाओं को मंजूरी
बाढ़ सुरक्षा से लेकर खेल अवस्थापना, सौर ऊर्जा, पर्यटन और मंदिरों के सौंदर्यीकरण तक कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मिली वित्तीय स्वीकृति; पिथौरागढ़, चमोली, टिहरी, बागेश्वर और चम्पावत सहित विभिन्न जनपदों को मिलेगा लाभ
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 27 Nov, 2026 05:07 PMदेहरादून, 27 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति देने के लिए विभिन्न जनपदों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और अवस्थापना विकास से जुड़ी योजनाओं को बड़ी वित्तीय मंजूरी प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने बाढ़ सुरक्षा, खेल सुविधाओं, सौर ऊर्जा, पर्यटन विकास, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, सड़क निर्माण, पेयजल और विद्युत आपूर्ति से संबंधित विभिन्न कार्यों के लिए ₹32.58 करोड़ से अधिक की वित्तीय स्वीकृति दी है। इन फैसलों से प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलने के साथ ही पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
पिंडर नदी के कटाव से बचाया जाएगा कुलसारी मैदान
चमोली जनपद के थराली विकासखंड स्थित कुलसारी बहुउद्देशीय मैदान को पिंडर नदी के कटाव से सुरक्षित रखने के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्यों के तहत ₹491.98 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। वहीं, हल्द्वानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, गोलापार में एकीकृत खेल अवस्थापना विकास परियोजना के अंतर्गत ₹100 लाख के निर्माण कार्य के लिए पेयजल निर्माण निगम को कार्यदायी संस्था नामित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है।
17 मेगावाट के सोलर प्लांट लगाने के लिए ₹16.26 करोड़ की दूसरी किश्त मंजूर
राज्य में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान 3,042 शासकीय भवनों पर कुल 17 मेगावाट क्षमता के ग्रिड कनेक्टेड सोलर प्लांट स्थापित किए जाने हैं। इस परियोजना के लिए ₹40.67 करोड़ के स्वीकृत प्रावधान के सापेक्ष दूसरी किश्त के रूप में ₹16.268 करोड़ की धनराशि जारी करने की मंजूरी दी गई है।
इसके अतिरिक्त उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के कार्यालय परिसर की द्वितीय यूनिट में परीक्षा हॉल, गेस्ट हाउस के सामने लॉन, आंतरिक सड़क निर्माण और फर्नीशिंग सहित अन्य कार्यों के लिए ₹309.77 लाख के आगणन के सापेक्ष पहली किश्त में ₹123.908 लाख अवमुक्त करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
पिथौरागढ़ में सड़कों और संपर्क मार्गों का होगा निर्माण
पिथौरागढ़ जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क सुविधाओं के विस्तार के लिए भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड विण की ग्रामसभा उपरतोला में आंतरिक मार्ग निर्माण के लिए ₹84.94 लाख स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत द्योगली में सीसी मार्ग, खड़ंजा और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए ₹99.69 लाख की स्वीकृति के साथ पहली किश्त के रूप में ₹59.814 लाख जारी करने का अनुमोदन दिया गया है।
गरुड़ गंगा के विकास के लिए ₹3.16 करोड़ जारी करने की मंजूरी
बागेश्वर जनपद में ‘एक जनपद, एक नदी’ योजना के तहत गरुड़ गंगा की विकास कार्ययोजना को आगे बढ़ाने के लिए ₹1,120.16 लाख की कुल कार्ययोजना के सापेक्ष प्रथम चरण में ₹316.58 लाख की धनराशि अवमुक्त करने की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा अल्मोड़ा जनपद के सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में 50 हैंडपंप स्थापित करने के लिए ₹42.98 लाख की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे स्थानीय स्तर पर पेयजल सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
टिहरी में मंदिरों का होगा सौंदर्यीकरण, ध्यान केंद्रों का भी निर्माण
टिहरी जनपद में धार्मिक पर्यटन और आध्यात्मिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के कीर्तिनगर विकासखंड स्थित चौकी महादेव शिवालय के सौंदर्यीकरण के लिए ₹67.87 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इसके सापेक्ष पहली किश्त में ₹40.722 लाख जारी करने की मंजूरी दी गई है।
इसी प्रकार धौड़ंगी बडियारगढ़ स्थित क्षेत्रपाल देवता मंदिर और हिण्डोलाखाल के ढुंगरियाल कांडा स्थित चामुंडा देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए कुल ₹100.67 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके सापेक्ष पहली किश्त में ₹80.294 लाख अवमुक्त किए जाएंगे।
प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में हुण्डेश्वर महादेव मंदिर के उत्तर दिशा में स्थित ऐसे मनोरम स्थल पर ध्यान केंद्रों का निर्माण किया जाएगा, जहां से हिमालय की पर्वत श्रृंखलाओं और टिहरी झील का विहंगम दृश्य दिखाई देता है। इस परियोजना के लिए ₹82.62 लाख स्वीकृत किए गए हैं, जबकि पहली किश्त के रूप में ₹49.572 लाख जारी करने की मंजूरी दी गई है।
मणकेश्वर सिद्ध महादेव को पर्यटन स्थल के रूप में किया जाएगा विकसित
पिथौरागढ़ जनपद के गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र में स्थित पर्यटक स्थल मणकेश्वर सिद्ध महादेव के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए मुख्यमंत्री ने ₹70 लाख की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस परियोजना के तहत पहली किश्त में ₹42 लाख की धनराशि जारी की जाएगी। इससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
चम्पावत के 74 छूटे तोकों तक पहुंचेगी बिजली
चम्पावत जनपद में विद्युत सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है। चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के 74 छूटे हुए तोकों में शत-प्रतिशत विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ₹499.68 लाख की कुल स्वीकृत लागत के सापेक्ष शेष धनराशि ₹199.872 लाख जारी करने की मंजूरी दी गई है। इससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की सुविधा का विस्तार करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इन फैसलों को प्रदेश के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और जनसुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार का जोर विकास योजनाओं को धरातल पर उतारकर प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र तक सुविधाओं का लाभ पहुंचाने पर है।


No Previous Comments found.