ज्ञान, एकाग्रता और आनंद का संगम: संस्कृत विद्यार्थियों के लिए 17 दिवसीय इनट्यूशन प्रशिक्षण शुरू

देहरादून में संस्कृत विद्यार्थियों के लिए इनट्यूशन प्रशिक्षण और शिक्षकों के लिए आनंद कार्यक्रम का आयोजन, कैबिनेट मंत्री खजान दास ने किया उत्साहवर्धन

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 27 Sep, 2026 05:11 PM
ज्ञान, एकाग्रता और आनंद का संगम: संस्कृत विद्यार्थियों के लिए 17 दिवसीय इनट्यूशन प्रशिक्षण शुरू

देहरादून, 26 सितंबर। उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा विभाग की पहल पर आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के माध्यम से संस्कृत विद्यार्थियों के लिए 17 दिवसीय इनट्यूशन प्रशिक्षण तथा शिक्षकों के लिए आनंद कार्यक्रम का आयोजन शुरू किया गया। कार्यक्रम का आयोजन देहरादून स्थित श्री परशुराम चतुर्वेद विद्यालय में किया जा रहा है। उद्घाटन दिवस के समापन सत्र में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री खजान दास उपस्थित रहे, जबकि उद्घाटन सत्र में संस्कृत शिक्षा सचिव दीपक कुमार गैरोला ने सहभागिता की।

इस कार्यक्रम में चार संस्कृत शिक्षण संस्थानों—श्री परशुराम चतुर्वेद विद्यालय, श्रीमद् दयानंद आर्ष ज्योतिर्मठ गुरुकुल, श्री शिवनाथ संस्कृत महाविद्यालय और द्रोणस्थली आर्ष कन्या गुरुकुल महाविद्यालय—के विद्यार्थी एवं शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं। आयोजकों के अनुसार, उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा विभाग की पहल पर इस प्रकार का कार्यक्रम देश के संस्कृत विद्यालयों में पहली बार आयोजित किया जा रहा है।

कैबिनेट मंत्री खजान दास ने विभिन्न संस्कृत विद्यालयों से आए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों के सर्वांगीण विकास में एकाग्रता, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और मानसिक प्रसन्नता से जुड़े कार्यक्रमों की भूमिका पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में एकाग्रता, अंतर्ज्ञान, आत्मविश्वास और उनकी अंतर्निहित क्षमताओं के विकास को प्रोत्साहित करना है। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न गतिविधियों और अभ्यासों के माध्यम से एकाग्रता तथा आंतरिक क्षमताओं को विकसित करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कार्यक्रम में आंखों पर पट्टी बांधकर पढ़ने जैसे अभ्यासों का प्रदर्शन और प्रशिक्षण भी शामिल है।

वहीं, शिक्षकों के लिए आयोजित आनंद कार्यक्रम में तनावमुक्त एवं प्रसन्न जीवन, सकारात्मक दृष्टिकोण और मानसिक शांति से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गतिविधियों एवं अभ्यासों के माध्यम से मार्गदर्शन दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य शिक्षकों के व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में सकारात्मकता और मानसिक संतुलन को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा विभाग के सचिव दीपक कुमार गैरोला, उपनिदेशक डॉ. वाजश्रवा आर्य, श्री परशुराम चतुर्वेद विद्यालय के प्रबंधक पवन कुमार शर्मा, प्रधानाचार्य भरतराम तिवारी, डॉ. रामभूषण बिजलवान, गौरव बक्शी, बी.एम. शर्मा, शम्भू थापलियाल, दिनेश कालिया, अभिलाष शर्मा, स्थानीय पार्षद महेंद्र कौर कुकरेजा सहित विभिन्न संस्कृत विद्यालयों के शिक्षक, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के समग्र व्यक्तित्व विकास, मानसिक प्रसन्नता और सकारात्मक जीवन-दृष्टि के लिए इस प्रकार के कार्यक्रमों को उपयोगी बताया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से आचार्य पवन कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों, आयोजकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का प्रथम दिवस सकारात्मक ऊर्जा, उत्साह और प्रसन्नता के वातावरण में संपन्न हुआ। 17 दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए निर्धारित विभिन्न सत्र एवं गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Uttarakhand #Dehradun #SanskritEducation #SanskritStudents #ArtOfLiving #IntuitionTraining #KhajanDas #Education #UttarakhandNews


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.