मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने उत्तरकाशी में की जिलास्तरीय समीक्षा, 15 अक्टूबर तक सड़कें गड्ढामुक्त करने के निर्देश
‘योजना दीदी’ ई-पुस्तक का विमोचन, गंगोत्री-यमुनोत्री क्षेत्र की हिमालयी नदियों के संरक्षण के लिए 3.26 करोड़ रुपये के मॉडल का उद्घाटन
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 25 Sep, 2026 10:52 PMउत्तरकाशी, 25 सितंबर 2026। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शुक्रवार को उत्तरकाशी कलेक्ट्रेट सभागार में जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जिले में संचालित विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जिला योजना, राज्य वित्त, 25 सूत्रीय कार्यक्रम तथा केंद्र पोषित योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को स्वीकृत निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने जिले में संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी को एक स्थान पर उपलब्ध कराने वाली डिजिटल पहल ‘योजना दीदी’ ई-पुस्तक का विमोचन भी किया।
15 अक्टूबर तक सड़कें गड्ढामुक्त करने के निर्देश
समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने धामों और धार्मिक स्थलों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा कूड़ा निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने बीआरओ, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और स्थानीय निकायों को आगामी 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने विभागाध्यक्षों से नियमित रूप से धरातलीय निरीक्षण करने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्य सचिव ने मुख्य विकास अधिकारी को उद्यान विभाग के अंतर्गत पॉलीहाउस निर्माण और ‘जायका’ परियोजना के निर्धारित लक्ष्यों के मुकाबले धीमी प्रगति में सुधार के लिए नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला सैनिक कल्याण विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा करने को कहा।
हिमालयी नदियों के संरक्षण के लिए 3.26 करोड़ रुपये के मॉडल का उद्घाटन
बैठक के दौरान जल शक्ति मंत्रालय के राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) और उत्तराखंड राज्य स्वच्छ गंगा मिशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘प्रारंभ—नदी, जलीय संसाधनों का संरक्षण और जैव विविधता विरासत प्रबंधन’ परियोजना के तहत जिला स्तरीय मॉडल का उद्घाटन किया गया।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने ‘स्वच्छ गंगा, निर्मल एवं अविरल यमुना’ के संकल्प के साथ गंगोत्री और यमुनोत्री क्षेत्रों की हिमालयी नदियों के संरक्षण से संबंधित इस परियोजना का शुभारंभ किया। परियोजना की अनुमानित लागत करीब 3.26 करोड़ रुपये बताई गई है।
सिविल सोसायटी और विभिन्न संगठनों से किया संवाद
जिलास्तरीय समीक्षा बैठक से पहले मुख्य सचिव ने जिला सभागार में सिविल सोसायटी, भूतपूर्व सैनिक एवं अर्द्धसैनिक बलों के पेंशनर्स, होटल एसोसिएशन और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया।
प्रतिनिधियों ने क्षेत्र के विकास, पर्यटन, पूर्व सैनिकों एवं पेंशनर्स से जुड़े विषयों के साथ-साथ जनहित से संबंधित विभिन्न समस्याएं और सुझाव मुख्य सचिव के समक्ष रखे। इनमें वीबी जी रामजी योजना में ऑनलाइन उपस्थिति की समस्या, नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण, सड़क और नेटवर्क कनेक्टिविटी, उपनल में पूर्व सैनिकों के लिए समान कार्य-समान वेतन, नेलांग-जादुंग परमिट के लिए सिंगल विंडो व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे।
मुख्य सचिव ने प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनते हुए कहा कि विभिन्न वर्गों और संगठनों से संवाद के माध्यम से क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विषयों का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि प्राप्त अधिकांश समस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया चल रही है, जबकि अन्य मांगों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण किया जा रहा है।
स्मार्ट कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण
मुख्य सचिव ने जिला मुख्यालय स्थित स्मार्ट कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां संचालित आधुनिक निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी नेटवर्क, रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था के बारे में जानकारी दी।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को आमजन की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए स्मार्ट निगरानी प्रणाली का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्रामीण महिलाओं की पर्यटन पहल का लिया जायजा
मुख्य सचिव ने भटवाड़ी विकासखंड के गणेशपुर में होलिस्टिक टूरिज्म पहल के तहत संचालित ‘वूमेन हिल्स ट्रैक एडवेंचर’ का भी अवलोकन किया। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं से संवाद कर पर्यटन गतिविधियों से जुड़ने के उनके अनुभवों की जानकारी ली।
इस पहल के तहत महिलाओं को ट्रेकिंग, गाइडिंग, कुकिंग और कैंपिंग का प्रशिक्षण देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्य सचिव ने महिला सशक्तिकरण और स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देने वाली इस पहल की जानकारी ली।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भटवाड़ी ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार, डुंडा ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र समेत विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarkashi #Uttarakhand #AnandBardhan #ChiefSecretary #UttarakhandNews #Gangotri #Yamunotri #Tourism #Development #YojanaDidi



No Previous Comments found.