उत्तराखंड : मुख्यमंत्री धामी ने विकास कार्यों के लिए 15 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति को दी मंजूरी
खटीमा और कर्णप्रयाग में मंदिरों के सौंदर्यीकरण से लेकर यमुनोत्री धाम में बाढ़ सुरक्षा कार्यों तक को मिलेगी गति
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 14 Aug, 2026 06:12 PMदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए करीब 15 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान किए जाने का अनुमोदन किया है। स्वीकृत धनराशि से मंदिरों के सौंदर्यीकरण, धार्मिक स्थलों के प्रांगण विस्तार, यमुनोत्री धाम में बाढ़ सुरक्षा कार्य और राज्य स्तरीय सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार जैसे कार्य किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री द्वारा ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा विधानसभा क्षेत्र में श्री गौरी शंकर महादेव मंदिर प्रांगण के सौंदर्यीकरण के लिए 1 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इसी क्रम में चमोली जिले के कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रानीगढ़ (देवल) स्थित आराध्य मां आदिशक्ति देवराड़ी देवी के पौराणिक मंदिर के सौंदर्यीकरण और मंदिर प्रांगण के विस्तार के लिए 98.28 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
यमुनोत्री धाम में बाढ़ सुरक्षा कार्यों को 12.63 करोड़
उत्तरकाशी जिले के नौगांव विकासखंड के अंतर्गत श्री यमुनोत्री धाम में मंदिर क्षेत्र और जानकी चट्टी में श्री राम मंदिर से अखोरीपुल तक यमुना नदी के दोनों ओर बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों के लिए सबसे बड़ी 12.63 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इससे यमुनोत्री धाम और आसपास के क्षेत्रों में नदी के कटाव तथा बाढ़ के जोखिम से सुरक्षा के लिए आवश्यक सुरक्षात्मक कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार के लिए 38.76 लाख
मुख्यमंत्री ने देहरादून स्थित राज्य स्तरीय सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार के लिए भी 38.76 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन किया है।
सरकार के अनुसार, इन स्वीकृतियों से धार्मिक एवं पर्यटन महत्व वाले स्थलों के विकास के साथ-साथ आपदा और बाढ़ से सुरक्षा संबंधी कार्यों तथा सैनिक कल्याण से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।



No Previous Comments found.