उत्तराखंड में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, मुख्यमंत्री धामी ने ₹14.68 करोड़ की योजनाओं को दी वित्तीय मंजूरी
मंदिरों के सौंदर्यीकरण से लेकर सड़क, खेल मैदान और विद्यालयों के पुनर्निर्माण तक होंगे कार्य; चम्पावत, हरिद्वार, पिथौरागढ़, देहरादून समेत कई जिलों को मिलेगा लाभ
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 9 Nov, 2026 06:26 PMदेहरादून, 09 नवम्बर 2026। उत्तराखंड में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ₹14.68 करोड़ की विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं के अंतर्गत मंदिरों का सौंदर्यीकरण, संपर्क मार्गों का निर्माण, पर्यटन स्थलों का विकास, खेल मैदान एवं मिनी स्टेडियम का निर्माण, पेयजल सुविधाओं का विस्तार तथा विद्यालयों की मरम्मत और पुनर्निर्माण जैसे कार्य किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री की स्वीकृति से प्रदेश के चम्पावत, हरिद्वार, पिथौरागढ़, देहरादून, ऊधमसिंह नगर, टिहरी गढ़वाल और बागेश्वर जनपदों में विभिन्न विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
खेल सुविधाओं और सड़क संपर्क पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने चम्पावत जनपद के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चौमेल-पुलहिंडोला में मिनी स्टेडियम तथा मूलाकोट पार्टी, ईजड़ा में खेल मैदान के निर्माण के लिए कुल ₹1.85 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है। इससे क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय युवाओं को बेहतर खेल अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
हरिद्वार जनपद के पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न सीसी मार्गों एवं इंटरलॉकिंग सड़कों के निर्माण के लिए ₹2.49 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। वहीं, पिथौरागढ़ जनपद के धारचूला विधानसभा क्षेत्र में लीती से मां होकरा मंदिर तक ट्रैक रूट एवं व्यू प्वाइंट के निर्माण के लिए ₹88.79 लाख मंजूर किए गए हैं।
देहरादून जनपद के डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में वन विभाग की थानों रेंज के अंतर्गत अरले वाली जॉलीग्रांट सैंज चौकी से जुड्डी गांव होते हुए कालूवाला को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण के लिए ₹98.75 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
मंदिरों के सौंदर्यीकरण और धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने कई जनपदों में मंदिरों के सौंदर्यीकरण और पुनर्निर्माण से जुड़ी योजनाओं को मंजूरी दी है।
टिहरी जनपद के विधानसभा क्षेत्र टिहरी के अंतर्गत विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए ₹39.84 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त नई टिहरी के बौराड़ी स्थित नवदुर्गा मंदिर की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण के लिए ₹2.98 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस कार्य के लिए प्रथम किश्त के रूप में ₹1 करोड़ जारी किए जाने का भी अनुमोदन किया गया है।
प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के हुण्डेश्वर महादेव मंदिर में ध्यान केंद्रों के निर्माण के लिए ₹82.62 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
बागेश्वर जनपद के कपकोट विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए ₹1.60 करोड़ तथा चम्पावत जनपद के हिंग्लादेवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹48.41 लाख की स्वीकृति दी गई है।
पिथौरागढ़ जनपद के गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए ₹49.34 लाख मंजूर किए गए हैं। इसके साथ ही पर्यटक स्थल मणकेश्वर सिद्ध महादेव में विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए ₹70 लाख और डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के ग्राम हड़खोला स्थित घटयूड़िया मंदिर के पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए ₹81.10 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
खटीमा में लगेंगे 300 हैंडपंप, पेयजल सुविधा होगी मजबूत
ऊधमसिंह नगर जनपद के खटीमा विधानसभा क्षेत्र में पेयजल सुविधा के विस्तार के लिए 300 हैंडपंप स्थापित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने इस कार्य के लिए ₹86.57 लाख की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है। इससे क्षेत्र के लोगों को पेयजल उपलब्धता बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।
विद्यालयों की मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए ₹28.18 लाख स्वीकृत
देहरादून जनपद के रायपुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा संबंधी आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए भी मुख्यमंत्री ने वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
इसके अंतर्गत किद्दूवाला, तुनवाला, नालापानी, अपर तुनवाला-प्रथम, नेहरूग्राम, धर्मपुर, ननूरखेड़ा, सौड़ा, सरस्वती विहार और रांझावाला ढांग स्थित प्राथमिक विद्यालयों की मरम्मत के कार्य किए जाएंगे।
वहीं, गुजराड़ा, माजरी माफी, मालदेवता, रायपुर, मियांवाला तथा श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, नेहरूग्राम स्थित जीर्ण-शीर्ण माध्यमिक विद्यालयों के पुनर्निर्माण का कार्य प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, रायपुर की बिल्डिंग एवं छात्रावास की मरम्मत भी कराई जाएगी। इन सभी कार्यों के लिए कुल ₹28.18 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
उत्तराखंड जजेस एसोसिएशन के बेनेवोलेंट फंड के लिए ₹2.50 करोड़
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड जजेस एसोसिएशन के बेनेवोलेंट फंड के लिए ₹2.50 करोड़ की स्वीकृति भी प्रदान की है। इसके अंतर्गत प्रथम किश्त के रूप में ₹1 करोड़ की धनराशि जारी किए जाने का अनुमोदन किया गया है।
प्रदेश के विभिन्न जनपदों में स्वीकृत इन योजनाओं से सड़क, पेयजल, शिक्षा, खेल, पर्यटन और धार्मिक स्थलों से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार को बल मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री की इन स्वीकृतियों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और क्षेत्रीय विकास को गति देने की दिशा में कदम उठाया गया है।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता


No Previous Comments found.