कांग्रेस अंबेडकर और दलित विरोधी रही: बलवीर घुनियाल

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर दलित समाज को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का लगाया आरोप, भाजपा सरकारों के कार्य गिनाए

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 19 Aug, 2026 03:18 PM
कांग्रेस अंबेडकर और दलित विरोधी रही: बलवीर घुनियाल

देहरादून। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलवीर घुनियाल ने कांग्रेस पर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और अनुसूचित जाति समाज की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक दलित समाज को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया, जबकि भाजपा सरकारों ने अनुसूचित जाति समाज के सम्मान, अधिकार और विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

घुनियाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को उचित सम्मान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब को संसद में पहुंचने से रोकने के लिए राजनीतिक प्रयास किए गए और उनसे जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों के विकास की दिशा में भी अपेक्षित कार्य नहीं हुआ। उन्होंने भगवान वाल्मीकि और संत शिरोमणि रविदास जैसे महापुरुषों को भी कांग्रेस शासन में अपेक्षित सम्मान नहीं मिलने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस लंबे समय तक ‘गरीबी हटाओ’ का नारा देती रही, लेकिन अनुसूचित जाति समाज के वास्तविक सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए अपेक्षित प्रयास नहीं किए। आरक्षण को लेकर कांग्रेस नेताओं के कथित बयानों का उल्लेख करते हुए घुनियाल ने कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में हमेशा अंतर रहा है।

‘भाजपा ने अंबेडकर और दलित महापुरुषों को दिया सम्मान’

घुनियाल ने कहा कि डॉ. अंबेडकर को भारत रत्न दिए जाने के समय केंद्र में भाजपा सरकार का हिस्सा थी। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के शासनकाल में संसद भवन में बाबा साहब का चित्र स्थापित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने डॉ. अंबेडकर से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को ‘पंच तीर्थ’ के रूप में विकसित किया।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में डॉ. अंबेडकर से जुड़े संस्थान का निर्माण, अमृतसर में वाल्मीकि तीर्थ का विकास और संत शिरोमणि रविदास से जुड़े धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का विकास भाजपा सरकारों द्वारा किए गए कार्यों के उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास जयंती को देशभर में सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है।

‘दलित समाज को भाजपा में मिला राजनीतिक प्रतिनिधित्व’

भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में अनुसूचित जाति समाज को महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। इसी प्रकार उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार में भी अनुसूचित जाति समाज के विधायकों को मंत्रिमंडल में स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने विभिन्न कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देकर भी समाज को राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिया है।

घुनियाल ने कहा कि 2014 में केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद अनुसूचित जाति समाज के विकास के लिए बजट में उल्लेखनीय वृद्धि की गई। गरीब और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए केंद्र सरकार ने अनेक योजनाएं संचालित की हैं।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर के उद्घाटन से पहले भगवान वाल्मीकि के नाम पर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नामकरण किया गया। वहीं पंजाब के आदमपुर में संत शिरोमणि रविदास के नाम पर एयरपोर्ट के नामकरण की घोषणा भी की गई।

सफाई कर्मचारियों के हित में उठाए कदम

घुनियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ने सफाई कर्मचारियों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। उन्होंने दावा किया कि सफाई कर्मचारियों का बीमा कवर बढ़ाने, मानदेय में वृद्धि तथा मृतक आश्रितों को रोजगार देने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार मैला ढोने की प्रथा समाप्त करने और सफाई कर्मचारियों के पुनर्वास के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता, प्रशिक्षण और स्वरोजगार के लिए ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। अनुसूचित जाति समाज के लोगों को उद्योग और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता और सब्सिडी दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि देशभर में बड़े पैमाने पर शौचालयों के निर्माण से स्वच्छता को बढ़ावा मिला है और मैला ढोने की प्रथा समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास हुए हैं। साथ ही, एससी-एसटी अत्याचार निवारण कानून को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा आवश्यक कदम उठाए गए हैं तथा पीड़ितों के लिए मुआवजा राशि में भी वृद्धि की गई है।

‘2027 में कांग्रेस को नहीं मिलेगा दलित समाज का समर्थन’

घुनियाल ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस अब दलित समाज के प्रति प्रेम का दिखावा कर रही है। उन्होंने हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दलित समाज से होने को लेकर की जा रही राजनीतिक बयानबाजी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस विषय में अपनी स्थिति पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं।

उन्होंने दावा किया कि देश और प्रदेश का दलित समाज अब जागरूक हो चुका है। बड़ी संख्या में अनुसूचित जाति समाज के जनप्रतिनिधि भाजपा के टिकट पर सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष और अन्य पदों पर निर्वाचित होकर समाज का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

घुनियाल ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में वापसी के लिए दलित समाज का सहारा लेना चाहती है, लेकिन वह अपने उद्देश्य में सफल नहीं होगी। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को अनुसूचित जाति समाज का समर्थन नहीं मिलेगा और समाज का बड़ा वर्ग भाजपा के पक्ष में खड़ा रहेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गरीब और वंचित वर्गों के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा अनुसूचित जाति समाज के सम्मान, अधिकार और विकास के लिए प्रतिबद्ध है।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2