सेवा संकल्प अभियान को लेकर महेंद्र भट्ट ने गिनाए 11 प्रमुख कार्यक्रम, 17 सितंबर से शुरू होगा राष्ट्रव्यापी अभियान

हल्द्वानी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा—सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जनभागीदारी से आगे बढ़ाएगा अभियान

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 8 Sep, 2026 08:50 PM
सेवा संकल्प अभियान को लेकर महेंद्र भट्ट ने गिनाए 11 प्रमुख कार्यक्रम, 17 सितंबर से शुरू होगा राष्ट्रव्यापी अभियान

हल्द्वानी, 8 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। उत्तराखंड में यह अभियान प्रदेश से लेकर जिला, मंडल और बूथ स्तर तक संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत राज्य में 11 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

हल्द्वानी स्थित भाजपा संभाग कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने अभियान की रूपरेखा साझा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की प्रतिबद्धता का प्रेरणादायी उदाहरण है। 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार शपथ ली थी और 7 अक्टूबर 2026 को उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होंगे।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में गरीब कल्याण, अंत्योदय, सुशासन, पारदर्शिता, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल परिवर्तन और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस अभियान को केवल उत्सव तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि इसे सेवा और जनभागीदारी से जोड़ते हुए व्यापक सामाजिक अभियान के रूप में संचालित करेगी।

17 सितंबर से होगी अभियान की शुरुआत

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत बूथ और घर-घर दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को दोहराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि विद्यालयों में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत चित्रकला, भाषण और अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से नुक्कड़ नाटकों के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, प्रमुख योजनाओं और देश में हुए बदलावों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

आंगनवाड़ी केंद्रों पर होंगी सेवा गतिविधियां

‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों पर माताओं और बच्चों के लिए पोषण, स्वास्थ्य एवं टीकाकरण से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।

भट्ट ने बताया कि ‘कहानी बदलाव की’ अभियान के जरिए सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की प्रेरक कहानियों को वीडियो, रील और सोशल मीडिया के माध्यम से साझा किया जाएगा, ताकि योजनाओं के प्रभाव और लाभार्थियों के अनुभवों को व्यापक स्तर पर सामने लाया जा सके।

गांवों से जिला मुख्यालय तक निकलेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा’

प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के माध्यम से विकास कार्यों और परिवर्तनकारी परियोजनाओं को जनसंवाद तथा डिजिटल माध्यमों से लोगों तक पहुंचाया जाएगा। वहीं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत गांवों से जिला मुख्यालय तक मशाल यात्राएं आयोजित कर सेवा और राष्ट्र निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।

‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं और नागरिकों को रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर और डिजिटल साक्षरता सहित 25 अलग-अलग सेवा गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगेंगे शिविर

भट्ट ने कहा कि ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत ‘सरकार आपके द्वार’ की भावना के अनुरूप शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में आयुष्मान कार्ड, पेंशन, विभिन्न सरकारी योजनाओं और आवश्यक सेवाओं से संबंधित सुविधाएं लोगों को मौके पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

इसी तरह ‘रंगोली राष्ट्र’ कार्यक्रम में प्राकृतिक सामग्री से रंगोली बनाकर राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक विरासत, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत-2047 की भावना को प्रदर्शित किया जाएगा। ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ के माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों को स्थानीय समस्याओं के नवाचार आधारित समाधान प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को समाज की सहभागिता से जोड़ने का प्रयास है। भाजपा कार्यकर्ता इसे जनभागीदारी के व्यापक अभियान के रूप में आगे बढ़ाएंगे और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने के लिए समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचेंगे।

प्रेस वार्ता में ये रहे मौजूद

प्रेस वार्ता में सेवा संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी प्रतीप जनोटी, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश तिवारी, दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्या तथा मीडिया संपर्क विभाग के प्रदेश सह संयोजक भुवन जोशी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी नितिन राणा ने किया।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#SevaSankalpAbhiyan #BJP #MahendraBhatt #NarendraModi #Uttarakhand #Haldwani #ViksitBharat2047


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2