‘आदर्श चंपावत’ के साथ ‘आदर्श उत्तराखंड’ का संकल्प होगा साकार : धामी
बनबसा में प्रबुद्धजनों से संवाद, बोले- समाज को दिशा देने में प्रबुद्धजनों की अहम भूमिका; टनकपुर में ISBT और शारदा कॉरिडोर से बढ़ेंगे पर्यटन व रोजगार के अवसर
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 31 Aug, 2026 09:42 PMबनबसा, 31 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बनबसा में आयोजित प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास और सरकार की विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की। युवा संवाद कार्यक्रम के बाद आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रबुद्धजनों के सुझाव सुने और कहा कि जनसहभागिता एवं सामूहिक प्रयासों से उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का अभियान लगातार जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रबुद्धजन समाज के दर्पण होते हैं। उनके विचार और चिंतन समाज को दिशा देने का काम करते हैं। प्रबुद्धजनों से मिलने वाली ऊर्जा, सुझाव और आशीर्वाद विकास कार्यों को नई गति प्रदान करते हैं।
‘आदर्श चंपावत’ से ‘आदर्श उत्तराखंड’ का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत को ‘आदर्श चंपावत’ बनाने के संकल्प के साथ पूरे उत्तराखंड को ‘आदर्श उत्तराखंड’ बनाने की दिशा में भी लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चंपावत के प्रबुद्धजनों से मिलने वाला मार्गदर्शन और आशीर्वाद सरकार को बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
धामी ने कहा कि टनकपुर में ISBT और शारदा कॉरिडोर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में पर्यटन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर पैदा होंगे।
पूर्णागिरि धाम को वर्षभर सुगम बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम को वर्षभर श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। ककराली गेट से मां पूर्णागिरि धाम तक स्थायी प्रकाश व्यवस्था के साथ रोपवे और हेलीपैड के विकास पर भी काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा के दृष्टिगत टनकपुर पर्यटन और तीर्थाटन के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर रहा है। क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
पार्किंग से साइंस सेंटर तक विकास कार्यों को गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद में पार्किंग सुविधाओं, एपीजे अब्दुल कलाम संस्थान, अत्याधुनिक साइंस सेंटर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विकास कार्यों को गति दी जा रही है। सरकार का प्रयास है कि चंपावत जिले में शिक्षा, पर्यटन, कनेक्टिविटी और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत कर स्थानीय लोगों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देवभूमि उत्तराखंड सतत विकास, कानून-व्यवस्था, निवेश और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य की जीएसडीपी पिछले पांच वर्षों में दोगुनी हुई है और पर्यटन के क्षेत्र में भी उत्तराखंड ने उल्लेखनीय प्रगति की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्तव्य पथ पर मानसखंड की झांकी को प्रथम स्थान मिलना उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए गौरव की बात है।
प्रबुद्धजनों ने विकास कार्यों के लिए जताया आभार
कार्यक्रम में प्रबुद्धजन बंशीधर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री द्वारा व्यस्त कार्यक्रम के बीच समय निकालकर संवाद करने के लिए आभार व्यक्त किया। पूर्व सैनिक पुष्कर कापड़ी, पूर्व कैप्टन भानी चंद और अर्जुन सिंह ने भी अपने विचार रखे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चंपावत समेत पूरा उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने खेल, पर्यटन, मंदिरों के सौंदर्यीकरण, महिला सशक्तिकरण, साइंस सेंटर, टनकपुर में रेल सुविधाओं, शारदा कॉरिडोर और ISBT टनकपुर जैसी परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
दिव्यांग महिला का मुख्यमंत्री ने खुद जाकर किया अभिनंदन
कार्यक्रम के दौरान एक भावुक करने वाला दृश्य भी देखने को मिला। बनबसा की प्रथम महिला ग्राम प्रधान एवं दिव्यांग कमला देवी मुख्यमंत्री का स्वागत करने के लिए आगे आना चाह रही थीं। मुख्यमंत्री ने उन्हें देखकर स्वयं उनके पास जाकर पुष्पगुच्छ भेंट किया और उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के इस आत्मीय व्यवहार ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भावुक कर दिया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, दायित्वधारी श्याम नारायण पांडेय, मुकेश महराना, सुभाष बगौली, मनोज कालाकोटी, हेमा जोशी, किरण देवी, विधायक प्रतिनिधि चंपावत प्रकाश तिवारी, विधायक प्रतिनिधि टनकपुर दीपक रजवार, प्रदेश मंत्री भाजपा निर्मल माहरा, वरिष्ठ भाजपा नेता सतीश पांडेय, नोडल अधिकारी मुख्यमंत्री केदार सिंह बृजवाल सहित अन्य प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।



No Previous Comments found.