फिल्म निर्माण के नए केंद्र के रूप में उभर रहा उत्तराखंड, IFFI-2026 में फिल्मकारों ने सराही राज्य की फिल्म नीति और शूटिंग लोकेशन्स

Waves Film Bazaar में ‘Destination Uttarakhand’ विषय पर हुआ विशेष पैनल डिस्कशन, फिल्म निर्माताओं को 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी और सिंगल विंडो सुविधा की दी गई जानकारी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 22 Nov, 2026 07:10 PM
फिल्म निर्माण के नए केंद्र के रूप में उभर रहा उत्तराखंड, IFFI-2026 में फिल्मकारों ने सराही राज्य की फिल्म नीति और शूटिंग लोकेशन्स

गोवा, 22 नवंबर। उत्तराखंड अब अपनी प्राकृतिक खूबसूरती और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ फिल्म निर्माण के एक प्रमुख केंद्र के रूप में भी पहचान बना रहा है। राज्य में उपलब्ध आकर्षक शूटिंग लोकेशन्स, फिल्म निर्माताओं के लिए प्रोत्साहन योजनाओं और अनुकूल वातावरण को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत तक पहुंचाने के उद्देश्य से 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI)-2026 के अंतर्गत आयोजित Waves Film Bazaar में विशेष पैनल डिस्कशन आयोजित किया गया।

‘Destination Uttarakhand: Where Nature Meets Cinematic Magic’ विषय पर आयोजित इस सत्र में उत्तराखंड की फिल्म नीति, फिल्म निर्माण के लिए उपलब्ध सुविधाओं, सब्सिडी और राज्य में शूटिंग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान फिल्मकारों ने उत्तराखंड में शूटिंग के अपने अनुभव साझा करते हुए राज्य के प्राकृतिक सौंदर्य, स्थानीय लोगों के सहयोग और फिल्म निर्माण के अनुकूल माहौल की सराहना की।

पैनल डिस्कशन में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक और प्रसिद्ध फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने प्रतिभाग किया। सत्र का संचालन अभिनेत्री शीना ने किया।

फिल्म निर्माताओं को मिल रही 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी

सत्र में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार उत्तराखंड फिल्म पॉलिसी-2024 प्रदेश को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

उन्होंने बताया कि फिल्म नीति के तहत निर्धारित पात्रता और शर्तों के अनुसार हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी सीरियल्स के निर्माण के लिए अधिकतम 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त फिल्म निर्माताओं को सिंगल विंडो व्यवस्था के माध्यम से शूटिंग की अनुमति और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि फिल्म निर्माण की प्रक्रिया सरल और सुविधाजनक बन सके।

चौहान ने कहा कि उत्तराखंड में हिमालय की पर्वत श्रृंखलाएं, नदियां, झीलें, प्राकृतिक घाटियां, ऐतिहासिक इमारतें और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत फिल्मकारों को शूटिंग के लिए विविध विकल्प प्रदान करती हैं। मसूरी, लैंडौर, नैनीताल, देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार के साथ गढ़वाल एवं कुमाऊं के अनेक क्षेत्र फिल्म निर्माण के लिहाज से बेहद संभावनाशील हैं।

उन्होंने फिल्म नीति के प्रमुख आधार 3T यानी टैलेंट, ट्रेनिंग और टेक्नोलॉजी का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं को फिल्म उद्योग से जोड़ना तथा क्षेत्रीय सिनेमा को बढ़ावा देना भी है।

आरुषि निशंक ने साझा किया ‘लाइफ हिल गई’ का अनुभव

अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक ने अपनी वेब सीरीज ‘लाइफ हिल गई’ का उदाहरण देते हुए उत्तराखंड में फिल्म निर्माण की संभावनाओं पर अपने विचार रखे। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर आधारित इस प्रोजेक्ट को कहानी सुनने के बाद जियो हॉटस्टार ने कमीशन किया था।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक सुंदरता से समृद्ध है और यहां फिल्म निर्माण के लिए अनुकूल वातावरण मौजूद है। हालांकि, राज्य में फिल्म निर्माण का एक मजबूत इकोसिस्टम विकसित करना आवश्यक है, जिससे देशभर के अधिक से अधिक फिल्म निर्माता और प्रोडक्शन हाउस उत्तराखंड में अपने प्रोजेक्ट्स की शूटिंग के लिए आकर्षित हों।

राम रेड्डी बोले- उत्तराखंड मेरे लिए दूसरे घर जैसा

प्रसिद्ध फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने अपनी फिल्म ‘जुगनुमा’ की शूटिंग के अनुभव साझा करते हुए उत्तराखंड के प्रति अपने जुड़ाव को व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड उनके लिए दूसरे घर जैसा है।

रेड्डी ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के लिए उपयुक्त लोकेशन तलाशने के उद्देश्य से वह 17 बार उत्तराखंड आए। इस दौरान उन्हें स्थानीय लोगों का भरपूर सहयोग और आत्मीयता मिली तथा शूटिंग के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

उन्होंने बताया कि फिल्म में अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ उत्तराखंड के गांवों के बच्चों को भी अभिनय का अवसर दिया गया। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का मंच मिला।

फिल्म पर्यटन और स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

Waves Film Bazaar में आयोजित इस विशेष सत्र के माध्यम से उत्तराखंड की फिल्म नीति, आर्थिक प्रोत्साहन, प्राकृतिक शूटिंग स्थलों और स्थानीय प्रतिभाओं की संभावनाओं को फिल्म जगत के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

सत्र में इस बात पर भी जोर दिया गया कि प्रदेश में फिल्म निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से केवल फिल्म उद्योग को ही लाभ नहीं होगा, बल्कि स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। इसके साथ ही होटल, परिवहन, आतिथ्य और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में भी आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

उत्तराखंड सरकार की फिल्म प्रोत्साहन नीति और राज्य के विविध प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को देखते हुए प्रदेश को देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन्स में स्थापित करने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.