किसानों को मिलेगी मौसम, फसल और बाजार की जानकारी एक मंच पर, CM धामी ने ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप किया लॉन्च

एआई आधारित फसल रोग पहचान से लेकर कृषि सलाह, बाजार सूचना और लॉजिस्टिक्स तक की सुविधाएं होंगी उपलब्ध

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 4 Sep, 2026 07:54 PM
किसानों को मिलेगी मौसम, फसल और बाजार की जानकारी एक मंच पर, CM धामी ने ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप किया लॉन्च

देहरादून। उत्तराखंड के किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक नई पहल की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति की ओर से विकसित किसान-केंद्रित मोबाइल एप ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री धामी ने एप को किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए उपयोगी पहल बताते हुए संस्था के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग किसानों तक कृषि से जुड़ी आवश्यक जानकारियां और सेवाएं आसानी से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। ऐसे डिजिटल प्लेटफॉर्म किसानों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी व्यावहारिक जरूरतों को पूरा करने में मददगार साबित हो सकते हैं।

एक ही प्लेटफॉर्म पर मौसम से बाजार तक की जानकारी

मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप को किसानों की व्यावहारिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। एप के माध्यम से किसानों को रियल टाइम मौसम संबंधी जानकारी और अलर्ट उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है, ताकि वे मौसम के अनुसार कृषि संबंधी निर्णय ले सकें।

एप में फसल-विशिष्ट कृषि सलाह, एआई आधारित फसल रोग पहचान, कृषि एवं बाजार से जुड़ी जानकारी जैसी सुविधाएं भी शामिल की गई हैं। इसके अलावा किसानों को परिवहन और लॉजिस्टिक्स से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया गया है।

स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमों को भी जोड़ेगा

एप में किसानों के साथ-साथ स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमों को बाजार से जोड़ने से संबंधित सुविधाएं भी शामिल की गई हैं। इसका उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर उत्पाद तैयार करने वाले समूहों और उद्यमों को बाजार तक पहुंच बनाने में डिजिटल सहयोग उपलब्ध कराना है।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि एप के जरिए किसानों को कृषि उत्पादन से लेकर बाजार तक की प्रक्रिया में आवश्यक डिजिटल सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। तकनीक आधारित इस पहल से किसानों को कृषि संबंधी सूचनाओं तक आसान पहुंच मिलने की उम्मीद है।

ये रहे मौजूद

एप के शुभारंभ के अवसर पर कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति की कमला डबराल, राजेश डबराल, अंशुल, प्रांजल नौडियाल और सूरवीर सिंह कठैत मौजूद रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #Agriculture #Farmers #ManoramaKrishiRakshak #DigitalAgriculture #SelfHelpGroups #Dehradun


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2