धामी सरकार में चारधाम यात्रा ने रचा नया कीर्तिमान, श्रद्धालुओं की संख्या 56.18 लाख के पार
2023 का रिकॉर्ड टूटा, धामी सरकार के कार्यकाल में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा; बेहतर व्यवस्थाओं और सुविधाओं से बढ़ा श्रद्धालुओं का भरोसा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 6 Oct, 2026 11:54 PMदेहरादून, 6 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा ने इस वर्ष नया कीर्तिमान स्थापित किया है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 56,18,497 के पार पहुंच गई है। इसके साथ ही चारधाम यात्रा ने वर्ष 2023 में दर्ज रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए अब तक का सर्वाधिक श्रद्धालु आगमन दर्ज किया है।
चारधाम यात्रा के प्रति देशभर के श्रद्धालुओं में लगातार बढ़ रहा उत्साह उत्तराखंड की धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन क्षमता को भी मजबूत कर रहा है। बाबा केदारनाथ, भगवान बदरीविशाल, मां गंगोत्री और मां यमुनोत्री के दर्शन के लिए इस वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवभूमि पहुंचे हैं। रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन राज्य में धार्मिक पर्यटन के प्रति बढ़ते आकर्षण और यात्रियों के विश्वास को दर्शाता है।
सुरक्षित और सुगम यात्रा पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर व्यवस्थाओं को मजबूत किया है। यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, आवास और आपदा प्रबंधन जैसी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।
यात्रा के दौरान प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के जरिए श्रद्धालुओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया। सरकार का फोकस यात्रा के दौरान भीड़ प्रबंधन के साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को बेहतर बनाने पर रहा है।
धार्मिक पर्यटन को मिल रही नई गति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ और बदरीनाथ धाम सहित उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अवस्थापना सुविधाओं के विकास और कनेक्टिविटी में सुधार से चारधाम यात्रा को नई गति मिली है। धामों में यात्री सुविधाओं के विस्तार के साथ ही यात्रा मार्गों पर आधारभूत ढांचे को मजबूत किए जाने का असर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या में भी दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा में नया रिकॉर्ड बनने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु राज्य का अतिथि है। सरकार का प्रयास है कि हर श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुखद हो। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं का पहुंचना उत्तराखंड में विकसित हो रही सुविधाओं और श्रद्धालुओं के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा के सफल संचालन में योगदान देने वाले प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ, स्थानीय निकायों, तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय निवासियों और यात्रा व्यवस्था से जुड़े सभी कार्मिकों के प्रयासों की सराहना की।
चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या का नया रिकॉर्ड उत्तराखंड के धार्मिक पर्यटन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था, होटल-होमस्टे, परिवहन, तीर्थाटन से जुड़े व्यवसायों और अन्य सेवा क्षेत्रों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।



No Previous Comments found.