धामी सरकार का विकास कार्यों को बड़ा प्रोत्साहन, विभिन्न योजनाओं के लिए ₹56 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति

देहरादून, नैनीताल, चम्पावत, टिहरी और चमोली में सड़क, पार्किंग, पुलिस भवन, आवास एवं अन्य निर्माण कार्यों को मिलेगी गति

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 27 Nov, 2026 10:58 PM
धामी सरकार का विकास कार्यों को बड़ा प्रोत्साहन, विभिन्न योजनाओं के लिए ₹56 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति

देहरादून। उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न जनपदों की विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए लगभग 56 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति और धनराशि अवमुक्त करने के प्रस्तावों को अनुमोदन प्रदान किया है। इन स्वीकृतियों में सड़क सुधारीकरण, मल्टीलेवल पार्किंग, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, पुलिस भवन, सरकारी आवास और न्यायिक अधिकारियों के लिए वाहनों की खरीद सहित कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृत धनराशि से प्रदेश के देहरादून, नैनीताल, चम्पावत, टिहरी गढ़वाल और चमोली जनपदों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ ही प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

देहरादून और नैनीताल में सड़क सुधारीकरण के कार्य

मुख्यमंत्री ने देहरादून जनपद के कैंट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बसंत विहार सोसायटी की आंतरिक मार्गों का बीएम/एसडीबीसी तकनीक से सुधारीकरण करने के लिए 202.35 लाख रुपये (2.02 करोड़ रुपये) की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन प्रदान किया है।

वहीं, नैनीताल जनपद के बेतालघाट विकासखंड में दूनीखाल से रातीघाट (पाडली) तक प्रस्तावित श्री कैंचीधाम बाईपास मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण के लिए 2173.60 लाख रुपये (21.73 करोड़ रुपये) की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस मार्ग के सुधारीकरण से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।

चम्पावत में पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण

चम्पावत जनपद में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री ने राजकीय कारागार लोहाघाट में प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग एवं अन्य कार्यों के लिए 6.73 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया है।

इसके अतिरिक्त रोडवेज स्टेशन चम्पावत में आधुनिक एवं सुविधायुक्त स्टोरी पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए कुल 6233.44 लाख रुपये के सापेक्ष शेष धनराशि 1870 लाख रुपये (18.70 करोड़ रुपये) स्वीकृत करने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।

पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगा मजबूती

मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में अनुदान संख्या-10 के अंतर्गत लेखाशीर्षक 2022 पुलिस, 00-101 आपराधिक अन्वेषण एवं सतर्कता, 03 अभिसूचना अधिष्ठान के मानक मद 31-गुप्त सेवा व्यय में अनुपूरक के माध्यम से प्रावधानित एक करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त किए जाने को भी अनुमोदन प्रदान किया है।

वहीं, टिहरी गढ़वाल जनपद के थाना छाम के प्रशासनिक भवन के निर्माण के लिए उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। इसके लिए 381.75 लाख रुपये (3.81 करोड़ रुपये) की आगणित धनराशि को स्वीकृति प्रदान की गई है।

गोपेश्वर में पुलिस आवास और न्यायिक अधिकारियों के लिए नए वाहन

चमोली जनपद के फायर स्टेशन गोपेश्वर में टाइप-द्वितीय श्रेणी के आठ आवासों के निर्माण के लिए 170.93 लाख रुपये (1.70 करोड़ रुपये) की धनराशि अवमुक्त करने का अनुमोदन मुख्यमंत्री ने प्रदान किया है।

इसके साथ ही उत्तराखंड उच्च न्यायालय तथा टिहरी गढ़वाल और पौड़ी गढ़वाल के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेटों के शासकीय उपयोग के लिए नए वाहन क्रय करने हेतु 27.21 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

विकास कार्यों को गति देने पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इन निर्णयों से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क संपर्क, पार्किंग व्यवस्था, सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं, पुलिस एवं प्रशासनिक आधारभूत ढांचे और न्यायिक व्यवस्थाओं को मजबूती मिलेगी। लगभग 56 करोड़ रुपये की इन वित्तीय स्वीकृतियों को राज्य में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.