सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, मार्च 2027 तक पूरा होगा जमरानी का कॉफर डैम

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने की दोनों महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की समीक्षा, समयबद्ध निर्माण के लिए तैनात होंगे डेडिकेटेड प्रोजेक्ट मैनेजर

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 26 Nov, 2026 07:36 PM
सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, मार्च 2027 तक पूरा होगा जमरानी का कॉफर डैम

देहरादून, 26 नवंबर। उत्तराखंड में पेयजल एवं सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से संचालित सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए शासन ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने दोनों परियोजनाओं की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो और गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।

मुख्य सचिव ने दोनों परियोजनाओं के प्रभावी अनुश्रवण और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए अधीक्षण अभियंता स्तर के अधिकारी को एकल बिंदु प्रभारी यानी डेडिकेटेड प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के अंतर्गत विकसित होने वाले जलाशयों और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित करने की संभावनाओं पर काम किया जाए, ताकि इन परियोजनाओं से जल संसाधन विकास के साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सके।

मार्च 2027 तक पूरा करना होगा जमरानी बांध का कॉफर डैम

जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने कॉफर डैम का निर्माण मार्च 2027 तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की वास्तविक प्रगति पर नजर रखने के लिए नियमित फोटोग्राफ और वीडियो स्टेट प्रगति पोर्टल पर अपलोड करने को कहा।

इसके साथ ही कंक्रीटिंग और उत्खनन कार्यों की समयसीमा निर्धारित करते हुए विस्तृत पीईआरटी चार्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उत्खनन कार्य की दिनवार प्रगति और निर्धारित समयसीमा का पूरा विवरण आगामी उच्चाधिकार प्राप्त समिति (एचपीसी) की बैठक में प्रस्तुत करना होगा।

सौंग बांध परियोजना के कार्य मार्च तक पूरे करने का लक्ष्य

सौंग बांध परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने मार्च तक निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप निर्माण कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुनर्वास से जुड़े कार्यों के लिए पहले से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया।

मुख्य सचिव ने दोनों परियोजनाओं की संशोधित लागत के अनुमोदन से संबंधित सभी औपचारिकताएं समय रहते पूरी करने को कहा, ताकि एक ही बार में आवश्यक स्वीकृति प्राप्त की जा सके। उन्होंने केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) सहित संबंधित संस्थाओं से परीक्षण और अनुमोदन की प्रक्रिया भी समय से पूरी करने के निर्देश दिए, जिससे भविष्य में निर्माण कार्य प्रभावित न हों।

सौंग बांध परियोजना में ₹2,491.96 करोड़ की स्वीकृति

सौंग बांध परियोजना के तहत 130.60 मीटर ऊंचे बांध और उससे जुड़ी सहायक संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। परियोजना में 150 एमएलडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और लगभग 88 किलोमीटर लंबी फीडर मेन का निर्माण भी शामिल है।

परियोजना को पर्यावरणीय, वन एवं तकनीकी स्वीकृतियां नवंबर 2024 तक प्राप्त हो चुकी हैं। मार्च 2024 में विशेष सहायता योजना (SASCI) के अंतर्गत शेष परियोजना लागत ₹2,491.96 करोड़ के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। मुख्य बांध का निर्माण नवंबर 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है।

वित्तीय वर्ष 2023-24 से 2025-26 तक क्रमशः ₹88 करोड़, ₹140 करोड़ और ₹173 करोड़ की आवंटित धनराशि का शत-प्रतिशत उपयोग किया गया है। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 में ₹39.60 करोड़ की धनराशि भी पूरी तरह खर्च की जा चुकी है। हालांकि, चालू वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित 30 प्रतिशत भौतिक प्रगति के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 21 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है।

जमरानी बांध परियोजना के निर्माण में कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे

जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना के निर्माण कार्यों में भी प्रगति दर्ज की गई है। परियोजना के तहत कार्यालय भवन, आवासीय भवन, कॉलोनियों और सर्विस रोड सहित आधारभूत ढांचे का 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, डायवर्जन टनल का 80 प्रतिशत और क्रशिंग, बैचिंग एवं मिक्सिंग प्लांट की स्थापना का 75 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है।

इसके अलावा कॉफर डैम का 50 प्रतिशत तथा स्ट्रिपिंग फाउंडेशन और एबटमेंट का 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। परियोजना के तहत 21.25 किलोमीटर नई नहर का निर्माण और 40.82 किलोमीटर नहर के रीमॉडलिंग एवं नवीनीकरण का कार्य भी किया जा रहा है, जिसकी कुल प्रगति 32.46 प्रतिशत दर्ज की गई है।

परियोजना से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन का 84 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार जमरानी बांध का निर्माण जून 2029 तक पूरा करने का प्रस्ताव है।

समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, डॉ. रणवीर सिंह चौहान सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Uttarakhand #Dehradun #SaungDam #JamaraniDam #UttarakhandNews #PushkarSinghDhami #DevelopmentProjects #Yugvarta


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.