शिक्षा के आधारभूत ढांचे को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता, विद्यार्थियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं : डॉ. धन सिंह रावत
कैन्यूर और थलीसैंण में 1.72 करोड़ की लागत से बनेंगे कूड़ा निस्तारण प्रोसेसिंग प्लांट, 100 लाभार्थियों को मिले प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के स्वीकृति पत्र
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 17 Nov, 2026 07:56 PMपौड़ी/देहरादून, 17 नवंबर। उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मंगलवार को अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के थलीसैंण विकासखंड के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर क्षेत्रवासियों को विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वच्छता, आवास, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। उन्होंने 289.54 लाख रुपये की लागत से निर्मित राजकीय इंटर कॉलेज कपरोली के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही कैन्यूर और थलीसैंण में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई योजनाओं का शिलान्यास भी किया।
289.54 लाख से बने कपरोली इंटर कॉलेज भवन का लोकार्पण
क्षेत्र भ्रमण के दौरान शिक्षा मंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज कपरोली में 289.54 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवनिर्मित विद्यालय भवन का विधिवत लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि नए भवन से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक सुविधाएं और पढ़ाई के लिए अनुकूल परिस्थितियां उपलब्ध होंगी। शिक्षा के आधारभूत ढांचे को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इसके अतिरिक्त उन्होंने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कैन्यूर मल्ली और राजकीय प्राथमिक विद्यालय कैन्यूर में 12-12 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का भी लोकार्पण किया। इन सुविधाओं से दोनों विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध होंगे।
कैन्यूर और थलीसैंण में स्वच्छता व्यवस्था होगी मजबूत
नगर पंचायत कैन्यूर में घर-घर कचरा संग्रहण और बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन के उद्देश्य से शिक्षा मंत्री ने तीन कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इन वाहनों के संचालन से नगर क्षेत्र में कचरा संग्रहण व्यवस्था बेहतर होगी और स्वच्छता अभियान को गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर नगर का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।
इस अवसर पर उन्होंने नगर पंचायत थलीसैंण में 47.56 लाख रुपये की लागत से बनने वाले रजत जयंती पार्क का शिलान्यास किया। साथ ही नगर पंचायत कैन्यूर और थलीसैंण में कुल 1.72 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कूड़ा निस्तारण प्रोसेसिंग प्लांट का भी शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
100 लाभार्थियों को मिले प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के स्वीकृति पत्र
नगर पंचायत कैन्यूर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डॉ. धन सिंह रावत ने प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 100 पात्र लाभार्थियों को आवास निर्माण के स्वीकृति पत्र वितरित किए।
लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित यह योजना जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने और उनके अपने घर के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण का दिलाया संकल्प
शिक्षा मंत्री ने नगर पंचायत कैन्यूर में नशामुक्ति अभियान के तहत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में स्थानीय लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और परिवारों एवं समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति के जीवन को प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य को नुकसान पहुंचाता है। स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर प्रयास करने होंगे।
महिला मंगल दलों को वितरित की सांस्कृतिक सामग्री
क्षेत्र भ्रमण के दौरान डॉ. धन सिंह रावत ने ग्रामसभा मुसेटी और कपरोली में महिला मंगल दलों की महिलाओं को लोक संस्कृति, पारंपरिक गतिविधियों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सांस्कृतिक सामग्री वितरित की।
इस अवसर पर उन्होंने महिला मंगल दलों की सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मातृशक्ति ग्रामीण संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक एकजुटता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। महिला मंगल दलों को प्रोत्साहित करना उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग, नगर पंचायत कैन्यूर और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, महिला मंगल दलों की सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.