देवी पूजि पद कमल तुम्हारे सुर नर मुनि सब होहिं सुखारे…
मुख्यमंत्री आवास में विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना, मातृशक्ति के सम्मान और सांस्कृतिक परंपराओं के महत्व पर दिया संदेश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 20 Oct, 2026 01:43 PMदेहरादून, 20 अक्टूबर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शारदीय नवरात्रि की महानवमी के पावन अवसर पर मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में विधि-विधान के साथ हवन एवं पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के प्रतीक के रूप में नौ कन्याओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने मां भगवती से प्रदेश की उन्नति, जनकल्याण और समस्त प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
महानवमी के अवसर पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा की आराधना की और प्रदेश की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की। कन्या पूजन के माध्यम से उन्होंने मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा और सम्मान की भारतीय परंपरा का निर्वहन किया।
मातृशक्ति की आराधना और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है नवरात्रि
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को महानवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवरात्रि का पर्व मातृशक्ति की आराधना, आस्था और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। यह पर्व समाज में श्रद्धा, भक्ति और सकारात्मकता का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि कन्या पूजन हमारी परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो मातृशक्ति के प्रति सम्मान और श्रद्धा की भावना को मजबूत करता है। नवरात्रि का यह पावन अवसर सभी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ समाज में सम्मान, सद्भाव और सेवा की भावना को बढ़ावा देने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने मां भगवती से प्रार्थना की कि प्रदेश में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे तथा उत्तराखंड विकास और खुशहाली के नए आयाम स्थापित करे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #Mahanavami #Navratri #KanyaPujan #Yugvarta



No Previous Comments found.