लंबित प्रकरणों के निस्तारण में तेजी लाएं विभाग: मुख्य सचिव
जिलाधिकारियों को विभागाध्यक्षों से सीधे समन्वय कर समस्याओं के समाधान के निर्देश; मासिक समीक्षा से वर्षों पुराने मामलों के निस्तारण में आई तेजी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 6 Oct, 2026 08:11 PMदेहरादून, 6 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड में जनपद स्तर से शासन को भेजे गए लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण को लेकर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न जनपदों से संबंधित शासन स्तर पर लंबित मामलों की विभागवार प्रगति की जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने संबंधित विभागाध्यक्षों को आपसी समन्वय के साथ लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद स्तर के मामलों के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे संबंधित विभागाध्यक्षों से सीधे संवाद स्थापित कर समस्याओं का समाधान कराएं और आवश्यकता पड़ने पर विभागीय उच्चाधिकारियों से समन्वय करते हुए प्रकरणों को जल्द निस्तारित कराएं।
विकास कार्यों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता
मुख्य सचिव ने कहा कि जनपदों से संबंधित विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने सड़कों, पुलों, भवनों और अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिन मामलों में विभागीय स्तर पर निर्णय लिया जाना है, उनमें समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में प्रशासनिक स्तर पर किसी प्रकार की बाधा न रहे।
जिलाधिकारी नियमित समीक्षा करें
मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने जनपदों से जुड़े लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में विभागाध्यक्ष स्तर पर समन्वय की आवश्यकता है, उनमें जिलाधिकारी सीधे संबंधित विभागाध्यक्ष से वार्ता कर समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि शासन और जनपदों के बीच प्रभावी समन्वय लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण की महत्वपूर्ण कड़ी है।
हर माह प्रथम मंगलवार को हो रही समीक्षा
उल्लेखनीय है कि जनपदों के शासन स्तर पर लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए प्रत्येक माह के प्रथम मंगलवार को समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में विभिन्न जिलाधिकारियों ने इस पहल के सकारात्मक परिणामों की जानकारी दी।
जिलाधिकारियों के अनुसार नियमित समीक्षा और विभागीय उच्चाधिकारियों के साथ सीधे समन्वय के माध्यम से जनपदों के वर्षों से लंबित कई प्रकरणों के समाधान में तेजी आई है।
बैठक में प्रमुख सचिव एल. फैनाई, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव नितेश कुमार झा, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, रविनाथ रमन, चंद्रेश कुमार यादव, बृजेश कुमार संत, डॉ. वी. षणमुगम, डॉ. आर. राजेश कुमार, विनय शंकर पांडेय, विनोद कुमार सुमन, ज्योति यादव, रणवीर सिंह चौहान, धीराज सिंह गर्ब्याल और राजेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते, कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत, गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप तथा विभिन्न जनपदों के जिलाधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #Dehradun #AnandBardhan #ChiefSecretary #UttarakhandGovernment #Governance #Development #DistrictAdministration #News



No Previous Comments found.