प्रदेश की सभी सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त किया जाए: सीएम धामी

15 अक्टूबर के बाद सड़क मार्ग से यात्रा कर मुख्यमंत्री करेंगे औचक निरीक्षण; चारधाम यात्रा, ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 14 Sep, 2026 07:29 PM
प्रदेश की सभी सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त किया जाए: सीएम धामी

देहरादून, 14 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रदेश की सभी सड़कों को जल्द से जल्द गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने मानसून के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और सुधारीकरण कार्यों में तेजी लाने के साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को अपने-अपने जनपदों में सड़कों की स्थिति की नियमित समीक्षा करने और संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर के बाद वे कभी भी सड़क मार्ग से यात्रा कर सड़कों की स्थिति का औचक निरीक्षण कर सकते हैं।

चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्गों पर यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि संबंधित जिलाधिकारी और विभाग आपसी समन्वय से चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखें, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश

सीएम धामी ने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तीसरे चरण को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए तथा जनसमस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य शासन और प्रशासन को जनता के और करीब लाना तथा लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

‘सेवा संकल्प अभियान’ में व्यापक जनभागीदारी पर जोर

मुख्यमंत्री ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को प्रस्तावित कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण को केंद्र में रखते हुए अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ा जाए।

संक्रामक और जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए तैयारियां पूरी रखें

मुख्यमंत्री ने स्वाइन फ्लू सहित विभिन्न संक्रामक एवं जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारियों को समय-समय पर अस्पतालों का निरीक्षण करने और वहां साफ-सफाई, आवश्यक दवाइयों तथा चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता की समीक्षा करने को कहा।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ रोगों की रोकथाम, उपचार और प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने तथा स्थिति की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याण से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए। शासन और प्रशासन के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सरकार की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाना सुनिश्चित करें।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, एल. फैनई, डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख वन संरक्षक हॉफ कपिल लाल सहित सचिव, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और वर्चुअल माध्यम से सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#PushkarSinghDhami #Uttarakhand #Roads #CharDhamYatra #JanJanKiSarkar #SevaSankalpAbhiyan #UttarakhandNews


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2