आपदा के समय अग्निशमन विभाग की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण: प्रकाश चंद्र
अग्निशमन सेकेंड ऑफिसर के 21 प्रशिक्षुओं ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र का किया भ्रमण, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन रिस्पांस सिस्टम की ली जानकारी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 14 Sep, 2026 06:48 PMदेहरादून, 14 सितंबर 2026। उत्तराखंड अग्निशमन विभाग के अग्निशमन सेकेंड ऑफिसर के छह माह के प्रशिक्षण को ओडिशा से पूरा करने के बाद एक माह का व्यावहारिक प्रशिक्षण ले रहे 21 प्रशिक्षुओं ने सोमवार को उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र का भ्रमण किया। इस दौरान प्रशिक्षुओं ने प्रदेश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था, आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की कार्यप्रणाली को समझा।
इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) प्रकाश चंद्र ने कहा कि उत्तराखंड जैसे आपदा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य में अग्निशमन विभाग की भूमिका केवल आग की घटनाओं तक सीमित नहीं है। किसी भी आपदा या आपातकालीन स्थिति में अग्निशमन विभाग महत्वपूर्ण प्रथम प्रतिक्रिया बल के रूप में कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि भूकंप, भूस्खलन, सड़क दुर्घटना, भवन दुर्घटना, आगजनी अथवा अन्य आपातकालीन घटनाओं के दौरान प्रभावित लोगों तक तत्काल पहुंचना, खोज एवं बचाव अभियान चलाना और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना अग्निशमन विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में शामिल है।
प्रकाश चंद्र ने प्रशिक्षुओं से कहा कि व्यावहारिक प्रशिक्षण के दौरान वे आधुनिक रेस्क्यू तकनीकों, आपदा प्रतिक्रिया और विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय की कार्यप्रणाली को गंभीरता से समझें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।
आपदा प्रतिक्रिया तंत्र की दी जानकारी
अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (क्रियान्वयन) एवं डीआईजी राजकुमार नेगी ने प्रशिक्षुओं को उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की भूमिका और कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यूएसडीएमए प्रदेश में आपदा जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व तैयारी, क्षमता विकास, प्रशिक्षण, जन-जागरूकता और आपदा के दौरान प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र इस समन्वय व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। प्रशिक्षुओं को आपदा की सूचना प्राप्त होने से लेकर संबंधित जनपद और विभागीय अधिकारियों तक सूचना पहुंचाने, रिस्पांस एजेंसियों को सक्रिय करने तथा राहत एवं बचाव कार्यों के समन्वय की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षुओं ने राज्य में आपदा के दौरान विभिन्न विभागों और रेस्क्यू एजेंसियों के बीच स्थापित समन्वय तंत्र को भी समझा। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय, संसाधनों के प्रभावी उपयोग और बचाव कार्यों में बेहतर तालमेल के महत्व से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा, अग्निशमन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर एस.के. राणा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #USDMA #DisasterManagement #FireDepartment #EmergencyResponse #Dehradun #UttarakhandNews



No Previous Comments found.