हिन्दी हमारी सभ्यता, संस्कृति और भारतीयता की पहचान : मुख्यमंत्री धामी
हिन्दी दिवस पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, दैनिक जीवन में हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग का किया आह्वान
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 13 Sep, 2026 08:27 PMदेहरादून, 13 सितंबर 2026। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिन्दी दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि हिन्दी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि भारत की सभ्यता, संस्कृति, सांस्कृतिक भावनाओं, आकांक्षाओं और आदर्शों की अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हिन्दी देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के साथ ही ‘विविधता में एकता’ की भावना को सशक्त करती है। भारतीय समाज को जोड़ने और सामाजिक चेतना के निर्माण में हिन्दी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भी हिन्दी ने देशवासियों को एकजुट करने और राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने में अहम योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि हिन्दी भारतीयता की पहचान से जुड़ी भाषा है और इसके गौरव एवं सम्मान को बनाए रखना सभी का सामूहिक दायित्व है। राज्य सरकार हिन्दी के संरक्षण, संवर्धन और प्रोत्साहन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि हिन्दी दिवस के अवसर पर वे अपने दैनिक जीवन में हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग का संकल्प लें। साथ ही, राजभाषा हिन्दी के सम्मान, प्रचार-प्रसार और विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#HindiDiwas #हिंदीदिवस #PushkarSinghDhami #Uttarakhand #Hindi #उत्तराखंड #मुख्यमंत्रीધामी



No Previous Comments found.