युवा नौकरी खोजने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें : धामी

‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को मिला व्यापक समर्थन, 2,67,744 विद्यार्थियों ने भेजे निबंध और सुझाव; CM धामी ने छात्रों से किया सीधा संवाद

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 13 Sep, 2026 06:24 PM
युवा नौकरी खोजने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें : धामी

श्रीनगर (गढ़वाल), 13 सितंबर 2026। उत्तराखंड के भविष्य को लेकर प्रदेश के विद्यार्थियों के सपनों, विचारों और सुझावों पर मंथन के लिए हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर स्थित प्रेक्षागृह में ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर के विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और विकसित उत्तराखंड की उनकी परिकल्पना को जाना।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, सोच और विकसित उत्तराखंड के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उत्साह बढ़ाने वाली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भावी पीढ़ी को सशक्त, आत्मनिर्भर, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। युवाओं के विचार और सुझाव उत्तराखंड के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

2.67 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने साझा किए विचार

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को प्रदेश के विद्यार्थियों का व्यापक समर्थन मिला है। अभियान के तहत 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध और विचार भेजे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के विचार उत्तराखंड के विकास, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य को लेकर उनकी सोच, संवेदनशीलता और संकल्प को दर्शाते हैं।

धामी ने विद्यार्थियों द्वारा लिखे गए निबंधों की सराहना करते हुए कहा कि सभी ने इतने अच्छे तरीके से अपने विचार रखे हैं कि यह तय करना कठिन है कि किसने अच्छा लिखा और किसने बहुत अच्छा।

पलायन से लेकर रोजगार तक विद्यार्थियों ने उठाए सवाल

संवाद के दौरान रुद्रप्रयाग की कक्षा 11 की छात्रा सीमा सेमवाल ने पलायन विषय पर लिखे अपने निबंध के बारे में मुख्यमंत्री को बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने निबंध दो-तीन दिनों में लिखा और पलायन का विषय इसलिए चुना, क्योंकि उन्होंने इस समस्या को स्वयं महसूस किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में मुख्य रूप से स्थायी और अस्थायी, दो प्रकार का पलायन देखा जाता है। शिक्षा और रोजगार के लिए घर से बाहर जाना हमेशा नकारात्मक नहीं है। बाहर जाकर पढ़ाई, अनुभव और नए अवसर हासिल करने से युवाओं को बेहतर एक्सपोजर मिलता है। हालांकि, पहाड़ों में माताओं और बहनों को अनेक कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद वे परिवार और समाज को संभालते हुए लगातार आगे बढ़ रही हैं।

देवप्रयाग की छात्रा श्रेया सेमवाल ने ‘पहाड़ रहें, अपने रहें, मेरे सपने रहें’ विषय पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने पहाड़ों में रोजगार और अवसरों का विस्तार करने के साथ युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़े रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।

जीईसी पौड़ी की छात्रा प्रिया ने भी विकसित उत्तराखंड को लेकर अपने विचार रखे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का निर्माण तभी संभव है, जब देश का प्रत्येक गांव, जिला और राज्य विकास की मुख्यधारा से जुड़े।

‘मेरा पहाड़, मेरा रोजगार’ के संदेश की CM ने की सराहना

छात्रा तमन्ना ने पलायन और खेती से होने वाली कम आय की समस्या को उठाते हुए कहा—‘मेरा पहाड़, मेरा रोजगार, पत्थर की छाती पर बनेगा रोजगार।’

मुख्यमंत्री ने उनके विचार की सराहना करते हुए कहा कि यह सकारात्मक सोच का परिचायक है। परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हो सकती हैं, लेकिन युवाओं का संकल्प मजबूत होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपनी परिस्थितियों को अवसर में बदलने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

सरकारी स्कूलों और अस्पतालों को लेकर भी हुई चर्चा

छात्रा सृष्टि ने सरकारी स्कूलों और अस्पतालों के प्रति लोगों के भरोसे से जुड़े सवाल मुख्यमंत्री के सामने रखे। इस पर धामी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उदाहरण दिया।

उन्होंने कहा कि दोनों व्यक्तित्व साधारण परिवारों से निकलकर देश के सर्वोच्च पदों तक पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। आज की पीढ़ी अच्छे और बेहतर की समझ रखती है। युवाओं को अपने जनपद और प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों तथा विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी रखकर सकारात्मक बदलाव में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

‘नौकरी खोजने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें’

रुद्रप्रयाग की छात्रा अनुष्का ने पलायन रोकने को लेकर अपने विचार साझा किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं, लेकिन सरकार गांव-गांव तक बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 500 से अधिक स्मार्ट क्लास संचालित किए जा रहे हैं और रिवर्स माइग्रेशन भी हो रहा है। मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान किया कि वे केवल नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनने का लक्ष्य रखें।

पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण पर भी छात्रों ने दिए सुझाव

इशिका नेगी और गौरव बिष्ट ने पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और चारधाम यात्रा से जुड़े विषयों पर सुझाव दिए। विद्यार्थियों ने उत्तराखंड की प्राकृतिक संपदा को संरक्षित रखते हुए पर्यटन को रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।

छात्र मुकेश कुशवाहा ने छोटे गांवों तक हेलीकॉप्टर एंबुलेंस जैसी स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने तथा विद्यालय स्तर पर कौशल विकास प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री ने इसे महत्वपूर्ण सुझाव बताते हुए कहा कि सरकार युवाओं को उनकी प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

नशे से दूर रहने का युवाओं से आह्वान

मुख्यमंत्री धामी ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि आज विद्यार्थियों से सीधे संवाद का अवसर उनके लिए विशेष है। युवाओं के विचारों से उनकी परिकल्पना, ज्ञान, संवेदनशीलता और भविष्य को लेकर उनकी सोच सामने आती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भीतर आगे बढ़ने और कुछ बेहतर करने की तीव्र इच्छा दिखाई देती है और यही ऊर्जा विकसित उत्तराखंड के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है।

2047 के भारत और उत्तराखंड के लिए युवाओं की भूमिका अहम

धामी ने कहा कि देश का भविष्य युवा हैं और वर्ष 2047 का भारत तथा उत्तराखंड युवाओं के सपनों, संकल्प और मेहनत से आकार लेगा। उन्होंने कहा कि यह विचार करना जरूरी है कि 2047 में भारत कैसा हो, उसमें युवाओं की क्या भूमिका हो और व्यवस्थाएं कैसी हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवा विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य कर रहे हैं। टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के क्षेत्र में युवाओं की प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री युवा योजना जैसे प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि योग्य युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष अवसर उपलब्ध कराने के लिए नकल माफियाओं के खिलाफ राज्य सरकार ने सख्त कानून बनाए हैं।

विद्यार्थियों और अधिकारियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान छात्रा अदिति गौतम ने मुख्यमंत्री धामी को उनके द्वारा बनाई गई चित्रकृति भेंट की। बेहतर सहभागिता के लिए नोडल अधिकारी शिक्षक अंकुश को सम्मानित किया गया।

वहीं, रुद्रप्रयाग जनपद से निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा को भी सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने सपनों को लक्ष्य बनाएं, निरंतर मेहनत करें और अपनी प्रतिभा एवं ऊर्जा का उपयोग प्रदेश तथा देश के निर्माण में करें। उन्होंने कहा कि आने वाला उत्तराखंड युवाओं के सपनों का उत्तराखंड होगा और इसके निर्माण में प्रदेश के प्रत्येक युवा की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और शिक्षक उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #CMDhami #MereSapnoKaUttarakhand #Youth #DevelopedUttarakhand #UttarakhandNews


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2