शुद्धिकरण राहुल गाँधी और कांग्रेस का विभाजनकारी षड्यंत्र: नीतिन नबीन
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने धामी सरकार की नीतियों और उपलब्धियों की सराहना की, कार्यकर्ताओं से 2027 की जीत के लिए घर-घर पहुंचने का आह्वान
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 9 Sep, 2026 08:20 PMदेहरादून, 9 सितंबर। उत्तराखंड भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कांग्रेस की कथित ‘शुद्धिकरण’ राजनीति को लेकर भाजपा ने तीखा हमला बोला। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने हल्द्वानी की घटना का उल्लेख करते हुए इसे राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व की विभाजनकारी राजनीति तथा राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की देवभूमि अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना के लिए जानी जाती है और यहां इस प्रकार की राजनीति स्वीकार नहीं की जा सकती।
प्रदेश कार्यसमिति के दूसरे सत्र को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि कांग्रेस ने हल्द्वानी की पवित्र भूमि से राजनीतिक खेल खेलने और समाज को विभाजित करने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति के जरिए समाज में विभाजन पैदा करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कांग्रेस के इतिहास का उल्लेख करते हुए दलितों के सम्मान को लेकर भी सवाल उठाए। नबीन ने सीताराम केसरी, डॉ. भीमराव आंबेडकर और बाबू जगजीवन राम से जुड़े राजनीतिक प्रसंगों का हवाला देते हुए कांग्रेस पर दलित नेतृत्व के अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने डॉ. आंबेडकर से जुड़े पंचतीर्थों के विकास सहित विभिन्न माध्यमों से सामाजिक सम्मान और समावेशन को आगे बढ़ाने का काम किया है।
नितिन नबीन ने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 के दौर का उल्लेख करते हुए वाल्मीकि समाज के अधिकारों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के सशक्तीकरण को नई दिशा मिली है।
2027 में भाजपा की सरकार दोहराने का दावा
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी का लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भाजपा की वैचारिक प्रतिबद्धता की भूमि है और यहां की जीत केवल सत्ता परिवर्तन या सरकार बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि पार्टी की विचारधारा की जीत भी होगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री धामी और उनकी पूरी टीम को समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने के लिए बधाई दी। साथ ही महिलाओं को सरकारी सेवाओं और सहकारी संस्थाओं में अवसर देने, शहीदों के आश्रितों के लिए सहायता तथा दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास योजना के तहत होम स्टे जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए सरकार के कार्यों की सराहना की।
नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क और अन्य बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हुआ है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, चारधाम ऑल वेदर रोड सहित विभिन्न परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सीमावर्ती गांवों को अब ‘अंतिम गांव’ नहीं बल्कि ‘प्रथम गांव’ के रूप में विकसित करने की सोच के साथ काम किया जा रहा है।
‘राष्ट्र प्रथम, पार्टी नेक्स्ट और सेल्फ लास्ट’
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए ‘नेशन फर्स्ट, पार्टी नेक्स्ट और सेल्फ लास्ट’ की भावना सर्वोपरि है।
उन्होंने कांग्रेस पर ‘वंदे मातरम्’ और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को लेकर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति से बाहर नहीं निकल पा रही है।
नितिन नबीन ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि 2014 के बाद देश में विकास और आत्मनिर्भरता को नई गति मिली है। उन्होंने स्टार्टअप, खेलो इंडिया, महिला सशक्तीकरण, ‘लखपति दीदी’ और अन्य योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने युवाओं और महिलाओं को नए अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया है।
सीएम धामी बोले—उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ने वाला अभियान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करने और विकसित उत्तराखंड के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
धामी ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सरकार के काम और उपलब्धियों का सबसे बड़ा ‘ब्रांड एंबेसडर’ है। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 हटाने, राम मंदिर निर्माण, नई शिक्षा नीति, तीन तलाक पर प्रतिबंध और GST जैसे कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि करीब छह दशक तक देश में शासन करने वाली कांग्रेस अब देश और विदेश में भ्रम और अफवाह फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर कांग्रेस के कथित दुष्प्रचार का जवाब दें और सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाएं।
चारधाम यात्रा और आदि कैलाश का भी किया उल्लेख
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड में हो रहे विकास कार्यों और बेहतर सुविधाओं का प्रभाव धार्मिक पर्यटन पर भी दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक 50 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने आदि कैलाश यात्रा का भी उल्लेख करते हुए कहा कि जहां पहले सीमित संख्या में श्रद्धालु पहुंचते थे, वहीं इस वर्ष यह संख्या 60 हजार से अधिक हो गई है।
उन्होंने कहा कि अब भाजपा कार्यकर्ताओं को सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड लेकर घर-घर जाना होगा और 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुटना होगा।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा उत्तराखंड के चार नेताओं को उनकी टीम में स्थान दिए जाने पर आभार भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश संगठन और सरकार के वरिष्ठ नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन की मजबूती और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर जोर दिया।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #BJP #NitinNabin #PushkarSinghDhami #Congress #Dehradun #UttarakhandPolitics #BJPStateWorkingCommittee #UCC #2027Elections



No Previous Comments found.