लापरवाही बरतने वाले अफसरों की तय होगी जिम्मेदारी: मुख्य निर्वाचन अधिकारी
SIR की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारियों को निर्देश—दावे-आपत्तियों का नियमानुसार करें निस्तारण, राजनीतिक दलों और मीडिया से नियमित संवाद रखें अधिकारी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 24 Aug, 2026 07:56 PMदेहरादून, 24 अगस्त। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सोमवार को कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के आयुक्तों तथा देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में मतदाता सूची से जुड़े दावे और आपत्तियों के निस्तारण की प्रगति की जिलेवार समीक्षा की गई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ की जाए। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया के किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी और नियमानुसार यथोचित कार्रवाई की जाएगी।
राजनीतिक दलों और मीडिया से नियमित संवाद के निर्देश
डॉ. पुरुषोत्तम ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि SIR से जुड़ी प्रक्रिया को लेकर जनपद स्तर पर राजनीतिक दलों और मीडिया के साथ नियमित संवाद बनाए रखें। उन्होंने कहा कि अभियान से संबंधित जानकारी समय पर साझा की जाए, ताकि प्रक्रिया को लेकर किसी प्रकार का भ्रम न रहे और सभी संबंधित पक्षों को सही जानकारी उपलब्ध हो सके।
बैठक में सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों से फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के निस्तारण की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली गई।
अधिक बदलाव वाले बूथों की व्यक्तिगत समीक्षा
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन मतदान केंद्रों पर 4 प्रतिशत से अधिक परिवर्धन अथवा 2 प्रतिशत से अधिक अपमार्जन की संभावना है, ऐसे बूथों की संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) द्वारा व्यक्तिगत रूप से निरीक्षण और समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में तथ्यों का सत्यापन करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
आयुक्तों के फील्ड विजिट की भी समीक्षा
बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत और गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप द्वारा हाल में किए गए जनपद भ्रमण की जानकारी और फीडबैक भी लिया। उन्होंने दोनों मंडलायुक्तों को SIR अभियान की प्रगति की लगातार निगरानी के लिए नियमित रूप से फील्ड विजिट करने के निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि अभियान की निगरानी केवल कार्यालय स्तर तक सीमित न रहे, बल्कि जमीनी स्तर पर भी प्रक्रिया की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा हो सके।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित दोनों मंडलों के आयुक्त और संबंधित जिलाधिकारी उपस्थित रहे।



No Previous Comments found.