चमोली में पीआईबी का ‘वार्तालाप’ एवं क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला आयोजित

केंद्र सरकार की योजनाओं को सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने पर जोर, स्थानीय मीडिया को बताया सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 20 Aug, 2026 06:21 PM
चमोली में पीआईबी का ‘वार्तालाप’ एवं क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला आयोजित

चमोली, 20 अगस्त 2026। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी), देहरादून की ओर से सीमांत जनपद चमोली में ‘वार्तालाप’ एवं क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाने, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा सरकार और जनता के बीच मीडिया की भूमिका को लेकर अधिकारियों एवं पत्रकारों के बीच विस्तृत संवाद हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट, नगर पालिका अध्यक्ष गोपेश्वर संदीप रावत, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, प्रेस क्लब संरक्षक क्रांति भट्ट तथा पीआईबी के सहायक निदेशक संजीव सुन्द्रियाल ने किया।

कार्यशाला में स्वास्थ्य, कृषि, मत्स्य पालन, महिला एवं बाल विकास, नशामुक्ति, स्वरोजगार, स्थानीय उत्पादों और जीआई टैग से संबंधित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं के प्रावधानों और उनके लाभ की जानकारी साझा की, जबकि लाभार्थियों ने योजनाओं से मिले अनुभव भी बताए।

ब्लॉक स्तर तक आयोजित हों ‘वार्तालाप’ कार्यक्रम

मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम पूरे जनपद के लिए लाभकारी हैं। उन्होंने ‘वार्तालाप’ कार्यक्रमों को ब्लॉक स्तर पर भी आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई, ताकि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ गांवों में अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत ने कहा कि कई सरकारी योजनाओं की पर्याप्त जानकारी आम लोगों तक नहीं पहुंच पाने के कारण पात्र लोग उनका लाभ नहीं ले पाते। उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रमों में मीडिया की भागीदारी से योजनाओं की जानकारी व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाई जा सकती है।

प्रेस क्लब की संरक्षक क्रांति भट्ट ने जनपद में पत्रकारिता के सामने आने वाली चुनौतियों और मीडिया की भूमिका पर विचार रखे। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने चमोली के पत्रकारों की सकारात्मक एवं जनहितकारी पत्रकारिता की सराहना करते हुए सरकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

नशामुक्ति और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर जोर

पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने नशामुक्त भारत अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में अभियान के तहत 140 नारकोटिक्स किट वितरित किए गए हैं। उन्होंने युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल ने नशामुक्त भारत अभियान के तहत संचालित कार्यक्रमों, स्कूलों के 100 मीटर के दायरे में नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक तथा नशामुक्ति केंद्रों और काउंसलिंग की व्यवस्था की जानकारी दी।

स्वास्थ्य योजनाओं से लेकर कृषि और मत्स्य पालन तक चर्चा

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल ने स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले स्थानीय व्यक्ति को ‘राहगीर योजना’ के तहत 25 हजार रुपये तक की पुरस्कार राशि दी जाती है। इसके अलावा आयुष्मान योजना, जननी सुरक्षा योजना और नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच समेत अन्य योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।

खाद्य पूर्ति अधिकारी अंकित पांडेय ने ई-20 पेट्रोल, इसके निर्माण में चावल, मक्का और गन्ने जैसे कृषि उत्पादों के उपयोग तथा किसानों को होने वाले संभावित लाभ और पर्यावरण संरक्षण में इसकी भूमिका पर जानकारी दी।

जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु बडोला ने बालिकाओं के लिए संचालित नंदा गौरा योजना की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों से समय पर पंजीकरण कराने की अपील की। सहायक निदेशक मत्स्य नितेश कुमार चंद्र ने मत्स्य किसान समृद्धि योजना के तहत ट्राउट मछली उत्पादन और युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाओं पर जानकारी दी।

जिला उद्यान अधिकारी नितेन्द्र सिंह ने चमोली के स्थानीय एवं विशिष्ट उत्पादों को जीआई टैग दिलाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को मशरूम और कीवी की खेती के लिए प्रोत्साहित करते हुए जनपद में उपलब्ध संभावनाओं और संचालित फार्मों के बारे में बताया।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं की प्रमाणिक जानकारी: संजीव सुन्द्रियाल

पीआईबी के सहायक निदेशक संजीव सुन्द्रियाल ने कहा कि सीमांत जनपद चमोली में ‘वार्तालाप’ कार्यक्रम आयोजित करने का उद्देश्य प्रामाणिक एवं तथ्यपरक जानकारी के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं को मीडिया के जरिए दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि चमोली के स्थानीय उत्पादों और संस्कृति को व्यापक पहचान दिलाने के साथ-साथ केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों तक योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाना भी आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों के हर गांव और हर घर तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की मंशा से चमोली में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

सुन्द्रियाल ने कहा कि स्थानीय मीडिया सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है। मीडिया के माध्यम से योजनाओं की सही और प्रमाणिक जानकारी दूरस्थ गांवों तक पहुंचने से पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।

आपदा प्रबंधन और स्थानीय मुद्दों पर भी संवाद

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार, स्थानीय मुद्दों और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका पर विस्तृत संवाद हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट ने तमक नाला, नीति घाटी और टीएचडीसी पीपलकोटी में हुई आपदाओं के दौरान जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय तथा पीआईबी की ओर से विश्वसनीय एवं तथ्यपरक सूचनाओं के प्रसार के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यशाला में इस बात पर जोर दिया गया कि सरकारी योजनाओं की जानकारी को स्थानीय जरूरतों और मुद्दों से जोड़कर अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाया जाए।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Chamoli #PIB #Vartalaap #RegionalMediaWorkshop #Uttarakhand #GovernmentSchemes #MediaWorkshop #जनकल्याणकारीयोजनाएं #चमोली #पीआईबी #वार्तालाप


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2