उद्योगों की जरूरत के अनुसार युवाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण, फैक्ट्रियों से सीधे MOU कर तय किए जाएंगे ट्रेड: मुख्यमंत्री धामी

‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ में सीएम धामी का युवाओं से संवाद, बोले—नई सोच ही विकसित उत्तराखंड की ताकत

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 19 Sep, 2026 01:21 PM
उद्योगों की जरूरत के अनुसार युवाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण, फैक्ट्रियों से सीधे MOU कर तय किए जाएंगे ट्रेड: मुख्यमंत्री धामी

देहरादून, 19 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ कार्यक्रम के तहत युवा प्रतिभाओं से संवाद किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने तकनीक, रोबोटिक्स, साइबर सिक्योरिटी, कौशल विकास, स्वरोजगार और विकसित उत्तराखंड की दिशा में अपने विचार एवं सुझाव मुख्यमंत्री के सामने रखे। मुख्यमंत्री ने युवाओं की जिज्ञासाओं का जवाब देते हुए उनके सुझावों और फीडबैक को गंभीरता से सुना।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि युवाओं के साथ संवाद के दौरान तकनीक, रोबोटिक्स और साइबर सिक्योरिटी जैसे भविष्य से जुड़े विषयों पर उनके इनोवेटिव विचारों को जानना उत्साहवर्धक रहा। उन्होंने कहा कि युवाओं की नई सोच, बड़े सपने और आत्मविश्वास ही नए एवं विकसित उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत हैं।

उद्योगों की जरूरत के अनुसार होगा कौशल प्रशिक्षण

संवाद के दौरान एक छात्र ने राज्य में स्थापित हो रहे उद्योगों और फैक्ट्रियों के मद्देनजर युवाओं के कौशल विकास के लिए सरकार की तैयारियों को लेकर सवाल किया। इस पर मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार उद्योगों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षण देने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि इसके लिए उद्योगों और फैक्ट्रियों के साथ सीधे MOU किए जा रहे हैं। संबंधित उद्योगों से यह जानकारी ली जा रही है कि उन्हें किन ट्रेड और कौशल में प्रशिक्षित युवाओं की आवश्यकता है। इसके आधार पर युवाओं को संबंधित ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, इससे एक ओर युवाओं को प्रशिक्षण के बाद रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे, वहीं दूसरी ओर उद्योगों को स्थानीय स्तर पर कुशल मानव संसाधन उपलब्ध हो सकेगा।

युवाओं को रोजगार देने वाला बनाने पर जोर

स्वरोजगार को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास युवाओं को केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने का भी है। उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक उत्पादों को आधुनिक तकनीक, ब्रांडिंग और बेहतर बाजार से जोड़कर युवाओं के लिए उद्यमिता के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने राज्य में संचालित विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए युवाओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप नए क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

‘सगंध मिशन’ से स्थानीय वनस्पतियों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की पहल

मुख्यमंत्री धामी ने ‘सगंध मिशन’ का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड की जैव विविधता और यहां पाई जाने वाली विशिष्ट वनस्पतियों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इन वनस्पतियों से तैयार सुगंधित उत्पादों और परफ्यूम को ‘हाउस ऑफ हिमालय’ के माध्यम से देश और वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस पहल से स्थानीय संसाधनों का मूल्यवर्धन होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका और उद्यमिता के नए अवसर भी विकसित हो रहे हैं।

पिरुल से रोजगार और आय के नए अवसर

मुख्यमंत्री ने पिरुल के बेहतर उपयोग को लेकर भी सरकार की पहल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में पिरुल की 10 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीद की जा रही है और इसके उपयोग से विभिन्न उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं।

सरकार का उद्देश्य जंगलों में उपलब्ध पिरुल के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय लोगों के लिए आय के अतिरिक्त साधन विकसित करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय संसाधनों के वैज्ञानिक और व्यावसायिक उपयोग से रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।

युवाओं की भागीदारी को बताया विकास की महत्वपूर्ण कड़ी

‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं से शिक्षा, तकनीक, नवाचार, रोजगार, स्वरोजगार और भविष्य के उत्तराखंड से जुड़े उनके विचारों को जाना। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास की यात्रा में युवाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं की प्रतिभा, नवाचार और नए विचारों को अवसर एवं मंच उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने युवाओं से अपनी क्षमता और रचनात्मक सोच का उपयोग करते हुए उत्तराखंड को विकसित, आत्मनिर्भर और अवसरों से भरपूर राज्य बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#मेरेसपनोंकाउत्तराखंड #PushkarSinghDhami #Uttarakhand #SkillDevelopment #Innovation #Startup #SagandhMission #HouseOfHimalayas #Youth #DevelopedUttarakhand


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2