गुरु नानक देव की शिक्षाएं मानवता के लिए शाश्वत प्रेरणा: सीएम धामी
प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा साहिब में टेका मत्था, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना; हेमकुंड साहिब रोपवे और रीठा साहिब धर्मशाला निर्माण से श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 24 Nov, 2026 01:06 PMखटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा एवं सिख पंथ के संस्थापक श्री गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर खटीमा के पीलीभीत रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा एवं प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव की शिक्षाएं संपूर्ण मानवता को सत्य, सेवा, समानता और परोपकार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से समाज को आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं जाति, धर्म और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने तथा जरूरतमंदों की निःस्वार्थ सहायता के लिए प्रेरित करती हैं। उनका संदेश आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक है।
सिख धार्मिक विरासत के संरक्षण पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार सिख समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा ऐतिहासिक तीर्थस्थलों के विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही हैं। उत्तराखंड में श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना और रीठा साहिब के समीप धर्मशाला निर्माण जैसे कार्यों से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों और परंपराओं के समन्वय की भूमि है। राज्य सरकार प्रदेश की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ धार्मिक स्थलों के विकास और वहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दर्जाधारी राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी एवं किशन सिंह किन्ना, फरजाना बेगम, मेला समिति अध्यक्ष शेर सिंह दानू, हिमांशु बिष्ट, रनदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार एवं निर्मला बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#PushkarSinghDhami #GuruNanakDevJi #PrakashParv #Khatima #UttarakhandNews #HemkundSahib #ReethaSahib #गुरुनानकदेव #प्रकाशपर्व


No Previous Comments found.