कांग्रेस पहले अपने शासनकाल के भ्रष्टाचार का हिसाब दे शैलजा: सुबोध उनियाल

कैबिनेट मंत्री ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- कांग्रेस काल में योग्यता के बजाय पैसे की पोटली से मिलती थी नौकरी, धामी सरकार में 35 हजार से अधिक युवाओं को मिला रोजगार

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 22 Nov, 2026 05:43 PM
कांग्रेस पहले अपने शासनकाल के भ्रष्टाचार का हिसाब दे शैलजा: सुबोध उनियाल

देहरादून। उत्तराखंड में भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के बयानों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस को उसके शासनकाल के भ्रष्टाचार और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस नेताओं को अपने कार्यकाल का हिसाब प्रदेश की जनता को देना चाहिए।

सुबोध उनियाल ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में कांग्रेस के शासनकाल के दौरान भ्रष्टाचार चरम पर था। प्रदेश के संसाधनों के दुरुपयोग और सरकारी व्यवस्थाओं में अनियमितताओं को लेकर लगातार सवाल उठते रहे, लेकिन तत्कालीन सरकार ने इन मामलों पर प्रभावी जवाबदेही तय नहीं की। उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश के हितों की रक्षा करने के बजाय भ्रष्टाचार के आरोपों पर चुप्पी साधी गई और अब वही कांग्रेस नेता भाजपा सरकार की पारदर्शिता एवं सुशासन पर सवाल उठा रहे हैं।

कांग्रेस शासन में युवाओं के भविष्य के साथ हुआ खिलवाड़: उनियाल

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में भ्रष्टाचार का सबसे गंभीर असर प्रदेश के युवाओं पर पड़ा। सरकारी नौकरियों में योग्यता और मेहनत के बजाय पैसे के प्रभाव को लेकर गंभीर आरोप सामने आते रहे। उन्होंने कहा कि उस दौर में युवाओं के बीच यह धारणा बन गई थी कि सरकारी नौकरी पाने के लिए प्रतिभा से ज्यादा पैसे की जरूरत है। इससे मेहनती और योग्य युवाओं के सपनों को नुकसान पहुंचा तथा भर्ती प्रक्रियाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए।

उन्होंने कांग्रेस नेताओं से सवाल किया कि जब युवाओं के भविष्य और भर्ती प्रक्रियाओं की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे थे, तब तत्कालीन सरकार ने उनकी चिंताओं को दूर करने के लिए क्या कदम उठाए थे?

धामी सरकार में 35 हजार से अधिक सरकारी नियुक्तियां

सुबोध उनियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार और नकल माफिया के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। प्रदेश में देश का सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई और योग्य अभ्यर्थियों को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में सरकारी नौकरी का आधार किसी की सिफारिश या पैसे का प्रभाव नहीं, बल्कि अभ्यर्थियों की योग्यता और मेहनत है। प्रदेश में 35 हजार से अधिक सरकारी नियुक्तियां सरकार की इसी प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

शैलजा से पूछे कांग्रेस शासनकाल को लेकर सवाल

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा से सवाल करते हुए उनियाल ने कहा कि कांग्रेस को प्रदेश की जनता को बताना चाहिए कि उसके शासनकाल में भ्रष्टाचार के आरोपों पर क्या कार्रवाई की गई थी? जब प्रदेश के संसाधनों के दुरुपयोग और सरकारी व्यवस्थाओं में अनियमितताओं के आरोप सामने आ रहे थे, तब कांग्रेस नेतृत्व की जवाबदेही कहां थी? युवाओं के भविष्य पर सवाल उठने के दौरान तत्कालीन सरकार ने क्या कदम उठाए थे?

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भाजपा सरकार से सवाल पूछने से पहले अपने शासनकाल का हिसाब देना चाहिए। उत्तराखंड की जनता कांग्रेस के उस दौर को भूली नहीं है, जब भ्रष्टाचार के आरोप और सरकारी व्यवस्थाओं में अनियमितताएं लगातार चर्चा का विषय बनी हुई थीं।

उनियाल ने कहा कि आज प्रदेश में पारदर्शिता, जवाबदेही और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई को प्राथमिकता दी जा रही है, लेकिन कांग्रेस को यह सब रास नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय पहले अपने कार्यकाल में प्रदेश के हितों और युवाओं के भविष्य को लेकर उठे सवालों का जवाब देना चाहिए। उत्तराखंड की जनता को भाषण नहीं, बल्कि यह जवाब चाहिए कि कांग्रेस शासनकाल में युवाओं के साथ हुए कथित अन्याय की जिम्मेदारी कौन लेगा?

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#UttarakhandPolitics #SubodhUniyal #BJP #Congress #PushkarSinghDhami #UttarakhandNews #Dehradun


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.