मातृशक्ति का सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण प्रदेश सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री
पीपलकोटी में मातृशक्ति सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं के सशक्तीकरण को बताया प्रदेश सरकार की प्राथमिकता, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 17 Nov, 2026 07:43 PMपीपलकोटी (चमोली), 17 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके लिए रोजगार, स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसी दिशा में शुरू की जा रही बैणी-भुली योजना के माध्यम से प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया जाएगा। योजना की पहली किस्त दिसंबर माह में लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित की जाएगी।
मुख्यमंत्री मंगलवार को चमोली जनपद के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में पहुंचने पर महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ उनका भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने रोड शो के दौरान उपस्थित जनसमूह का अभिवादन स्वीकार किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने उन्हें श्री नंदा देवी राजजात की हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट की।
सम्मेलन स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागीय एवं स्थानीय उत्पादों के स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा, जांदरा (हाथ की चक्की) से अनाज पीसा और मथानी से दही मथा। इस दौरान उन्होंने पहाड़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक जीवनशैली और ग्रामीण महिलाओं के परिश्रम से अपने आत्मीय जुड़ाव का संदेश दिया।
मातृशक्ति उत्तराखंड की सामाजिक और आर्थिक प्रगति की आधारशिला
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति राज्य की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति की आधारशिला है। पहाड़ की महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियों के साथ कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। चमोली की धरती से प्रारंभ हुए ऐतिहासिक चिपको आंदोलन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गौरा देवी और उनकी साथी महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण के लिए जो ऐतिहासिक योगदान दिया, वह आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए उज्ज्वला योजना, जनधन योजना और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण जैसी महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। इन योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया है। समान नागरिक संहिता लागू कर महिलाओं को समान अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
नंदा गौरा योजना से बेटियों को मिल रही आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि बेटियों को जन्म से लेकर उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भरता तक हर स्तर पर सहयोग मिले। नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में चमोली जनपद के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक अत्यंत गरीब परिवारों की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई है। स्वयं सहायता समूहों, स्वरोजगार योजनाओं और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देकर महिलाओं की आय बढ़ाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित
मातृशक्ति सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण, कृषि, प्राकृतिक खेती, पशुपालन, मधुमक्खी पालन, खेल, स्वरोजगार और सामाजिक कार्यों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।
महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्ष उत्तरा देवी और महिला मंगल दल पाखी की अध्यक्ष मीना देवी को पर्यावरण संरक्षण, श्रमदान, अल्प बचत और नशामुक्ति कार्यक्रमों में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, मधुमक्खी पालन के लिए भुवना देवी, खेती के लिए रामेश्वरी देवी, बांस उत्पाद निर्माण के लिए उषा देवी और प्राकृतिक खेती के लिए लीला देवी को सम्मान प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त कृषि क्षेत्र में माहेश्वरी देवी, अनुसूया कुंवर और बिमला देवी, खेल क्षेत्र में निशा एवं स्वाति बड़वाल तथा लखपति दीदी के रूप में निरजा, रामेश्वरी देवी और अनीता देवी को सम्मानित किया गया। हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के साथ कवयित्री सुरभी देवी और मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। इनमें पॉलीहाउस, कृषि, पशुपालन, अटल आवास और अनुसूचित जाति पुत्री शादी अनुदान योजना के लाभार्थी शामिल रहे। मिलेट्स उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला किसानों को जिला स्तरीय किसान भूषण पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।
149.77 करोड़ की 30 विकास योजनाओं की सौगात
मातृशक्ति सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने चमोली जनपद को विकास योजनाओं की बड़ी सौगात देते हुए कुल 149.77 करोड़ रुपये की 30 योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 133.59 करोड़ रुपये की 16 योजनाओं का शिलान्यास और 16.18 करोड़ रुपये की 14 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
इन योजनाओं में सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कार्य शामिल हैं। प्रमुख शिलान्यास कार्यों में गोविंदघाट में मोटर पुल का निर्माण, ग्वालदम-नंदकेशरी और थराली-देवाल-मुंदोली-वाण मोटर मार्गों का सुधारीकरण, हापला-मसौली से गुडम नैल मोटर मार्ग तथा ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से जयकंडी-ग्वाड़ मोटर मार्ग का निर्माण शामिल है।
वहीं, लोकार्पित योजनाओं में आईटीआई गोपेश्वर में कार्यशाला निर्माण, गौचर एवं उर्गम में स्वास्थ्य इकाइयों की स्थापना, विभिन्न राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रयोगशालाओं और कक्षा-कक्षों का निर्माण तथा आयुर्वेदिक चिकित्सालयों से संबंधित कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर हेलंग-डूंगरी बरोसी मोटर मार्ग, गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग और त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल एवं भूपाल राम टम्टा, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, नगर पंचायत पीपलकोटी की अध्यक्ष आरती नवानी, दर्जा मंत्री ऋषि प्रसाद सती एवं रामचंद्र गौड़, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर उत्तराखंड के विकास में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के अवसर उपलब्ध कराना है।


No Previous Comments found.