सीएम धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
लोहियाहेड हेलीपैड पर आमजन और जनप्रतिनिधियों से की मुलाकात, समयबद्ध शिकायत निस्तारण को बताया प्रशासन की प्राथमिकता
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 2 Nov, 2026 10:33 PMखटीमा, 2 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ऊधम सिंह नगर जनपद के दौरे के दौरान लोहियाहेड हेलीपैड पर आम जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न लोगों की ओर से प्रस्तुत शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका त्वरित और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। ऐसे में प्रशासनिक व्यवस्था में जवाबदेही और संवेदनशीलता बेहद महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए लोगों को राहत पहुंचाई जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और उनके निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र के विकास कार्यों और स्थानीय आवश्यकताओं को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, भवानी भंडारी, दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#PushkarSinghDhami #UttarakhandNews #Khatima #PublicGrievances #Uttarakhand


No Previous Comments found.