जरूरतमंदों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी : प्रदीप बत्रा

श्री सत्य साईं सेवा संगठन के निःशुल्क हृदय रोग निदान शिविर में पहुंचे कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और सुबोध उनियाल, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की मरीजों की जांच

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 1 Nov, 2026 03:37 PM
जरूरतमंदों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी : प्रदीप बत्रा

देहरादून। श्री सत्य साईं सेवा संगठन, उत्तराखंड की ओर से रविवार, 1 नवंबर को रायपुर चौक स्थित साई ग्रेस एकेडमी इंटरनेशनल में निःशुल्क हृदय रोग निदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने पहुंचकर सहभागिता की और संगठन के इस प्रयास की सराहना की।

शिविर का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही हृदय संबंधी बीमारियों की समय रहते पहचान करना रहा। इस दौरान श्री सत्य साईं हार्ट हॉस्पिटल, अहमदाबाद एवं राजकोट (गुजरात) से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की हृदय संबंधी जांच की और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना समाज के प्रति हम सभी की जिम्मेदारी है। हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि श्री सत्य साईं सेवा संगठन की ओर से आयोजित इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए काफी लाभकारी साबित होते हैं।

वहीं, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना आवश्यक है। हृदय रोगों की समय पर जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों का परामर्श कई लोगों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाने में मदद कर सकता है। उन्होंने इस पहल को जनहित में उपयोगी बताते हुए संगठन के प्रयासों की सराहना की।

शिविर में सामान्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श के साथ ऐसे मरीजों की भी पहचान की गई, जिन्हें हृदय संबंधी ऑपरेशन की आवश्यकता है। ऐसे मरीजों को आगे उपचार एवं ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम का आयोजन श्री सत्य साईं सेवा संगठन, उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल योगेंद्र सिंह (वेटरन) एवं डॉ. समरजीत सिंह के नेतृत्व में किया गया। संगठन की ओर से बताया गया कि जनसेवा और मानव कल्याण की भावना से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में सहयोग करना है।

इस पहल के माध्यम से संगठन ने आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए हृदय रोगों की जांच, परामर्श और आगे के उपचार की राह आसान बनाने का प्रयास किया।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.