देहरादून में युवक की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल; दो आरोपी गिरफ्तार
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 9 Oct, 2026 06:16 PMदेहरादून, 09 अक्टूबर 2026 देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र में एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के वायरल वीडियो में एक युवक को बाल पकड़कर सड़क पर घसीटते हुए बेल्ट, लात-घूंसों और डंडों से पीटते देखा जा सकता है। मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों समेत 15-20 युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। देव ऋषि एनक्लेव, देहराखास निवासी अंकज पुत्र लाल सिंह ने पटेल नगर कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक, अंकज अपने साथी विवेक सहनी के साथ वहां से गुजर रहा था। इसी दौरान 15-20 युवक एक स्कूली छात्र के साथ मारपीट कर रहे थे। छात्र ने दोनों से मदद मांगी तो उन्होंने मारपीट कर रहे युवकों से इसकी वजह पूछी। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर हमलावरों ने अंकज और विवेक पर भी हमला कर दिया। अंकज ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके और विवेक के साथ मारपीट करते हुए डंडों, पाटल और बेल्ट का इस्तेमाल किया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक विवेक के बाल पकड़कर उसे सड़क पर घसीटता दिखाई दे रहा है। इस दौरान आसपास मौजूद कई युवक उस पर बेल्ट, लात-घूंसों और डंडों से हमला करते नजर आ रहे हैं। मारपीट में विवेक के सिर पर चोट आई, जिसके बाद अंकज उसे उपचार के लिए दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान विवेक का मोबाइल फोन, गले में पहनी चांदी की चेन और जेब में रखे आठ हजार रुपये भी छीन लिए गए। अंकज ने पुलिस को शिकायत के साथ मेडिकल रिपोर्ट और घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में जुटी है। पटेल नगर कोतवाली पुलिस ने प्रज्वल, आदित्य गर्ग, आयुष पंडित और तुषार समेत 15-20 अन्य युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 191(2) और 309(6) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने दबिश देकर आदित्य और प्रज्वल को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस मामले की जांच करते हुए घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।



No Previous Comments found.