चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड श्रद्धालु, बद्रीनाथ और गंगोत्री में टूटा पुराना रिकॉर्ड

बद्रीनाथ धाम में 18.10 लाख और गंगोत्री में 8.41 लाख श्रद्धालु पहुंचे, चारों धामों में अब तक 53.23 लाख से अधिक तीर्थयात्री कर चुके दर्शन

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 28 Sep, 2026 11:20 PM
चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड श्रद्धालु, बद्रीनाथ और गंगोत्री में टूटा पुराना रिकॉर्ड

देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। राज्य सरकार के अनुसार, इस यात्रा काल में बद्रीनाथ और गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशन में यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम यात्रा पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

चारधाम यात्रा के तहत अब तक 53,23,401 श्रद्धालु बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन कर चुके हैं। आंकड़ों के अनुसार, बद्रीनाथ धाम में 18.10 लाख, केदारनाथ धाम में 15.57 लाख, गंगोत्री धाम में 8.41 लाख और यमुनोत्री धाम में 7.5 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

बद्रीनाथ और गंगोत्री में रिकॉर्ड संख्या

बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या 18.10 लाख तक पहुंच गई है, जबकि गंगोत्री धाम में पहली बार 8.41 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं, यमुनोत्री धाम में भी तीर्थयात्रियों की संख्या 7.5 लाख के पार पहुंच चुकी है। केदारनाथ धाम में अब तक 15.57 लाख श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।

पिछले वर्ष इसी अवधि में चारों धामों में श्रद्धालुओं की संख्या लगभग 46 लाख थी। इस वर्ष अब तक यह आंकड़ा 53 लाख से अधिक हो चुका है। यात्रा अवधि में अभी करीब डेढ़ माह शेष है, ऐसे में श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।

हेमकुंड साहिब में भी बढ़ा श्रद्धालुओं का उत्साह

चारधाम यात्रा के साथ ही श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा को लेकर भी श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक 3,52,765 श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंच चुके हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशन में चारधाम यात्रा को सतर्कता और निरंतर निगरानी के साथ संचालित किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्गों और संबंधित जिलों में आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है।

चारधाम यात्रा से जुड़े रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में आपदा प्रबंधन विभाग को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। राज्य एवं जनपद स्तर पर संबंधित उच्चाधिकारी यात्रा व्यवस्थाओं की निरंतर समीक्षा कर रहे हैं, ताकि मौसम अथवा किसी अन्य आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा का पहला चरण बेहद सफल रहा है। दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्री उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं तथा यात्रा से जुड़े सभी जनपदों में आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#CharDhamYatra #Uttarakhand #Badrinath #Kedarnath #Gangotri #Yamunotri #HemkundSahib #PushkarSinghDhami #UttarakhandNews #CharDhamYatra2026


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

kitkat ad