जनवरी तक आधुनिक रूप में तैयार होगा जीएनटीआई स्टेडियम: डॉ धन सिंह रावत
श्रीकोट-स्वीत और डुंगरीपंथ क्षेत्र के लिए करीब 3 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को मंजूरी, धारी देवी रेलवे स्टेशन पर बहुउद्देशीय पार्किंग और आधुनिक पार्क बनाने के निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 25 Sep, 2026 02:42 PMदेहरादून, 25 सितंबर 2026। श्रीनगर स्थित ऐतिहासिक जीएनटीआई स्टेडियम का पुनर्निर्माण कार्य आगामी जनवरी तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के तहत स्टेडियम का पुनर्निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को अपने शासकीय आवास से वर्चुअल माध्यम से विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में डॉ. धन सिंह रावत ने जीएनटीआई स्टेडियम के पुनर्निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के मुख्य परियोजना प्रबंधक को आगामी जनवरी तक स्टेडियम को पूरी तरह तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएं, ताकि यह भविष्य में स्थानीय सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी भूमिका निभा सके।
धारी देवी रेलवे स्टेशन पर विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं
डॉ. रावत ने धारी देवी रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से स्टेशन परिसर में बहुउद्देशीय पार्किंग और आधुनिक पार्क विकसित करने को कहा, ताकि क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
श्रीकोट-स्वीत और डुंगरीपंथ के लिए करीब 3 करोड़ की योजनाएं
समीक्षा बैठक में श्रीकोट-स्वीत और डुंगरीपंथ क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए करीब 3 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं को स्वीकृति दी गई। मंत्री ने स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागीय अधिकारियों को इन योजनाओं के प्रस्ताव प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों में अनावश्यक देरी न करने की हिदायत देते हुए कहा कि प्रस्ताव समय पर उपलब्ध नहीं कराने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सीडीएस जनरल बिपिन रावत स्टेडियम में बनेगी मॉडल पार्किंग
डॉ. रावत ने श्रीकोट स्थित सीडीएस जनरल बिपिन रावत स्टेडियम में मॉडल पार्किंग विकसित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में आने वाले लोगों की सुविधा को देखते हुए आधुनिक पार्किंग व्यवस्था तैयार की जाएगी, जिसमें सैकड़ों वाहनों को खड़ा करने की क्षमता होगी।
इसके साथ ही उन्होंने श्रीनगर स्थित उद्यान विभाग के बगीचे और रीवर फ्रंट के सौंदर्यीकरण के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए।
अधिकारी रहे मौजूद
वर्चुअल समीक्षा बैठक में गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप, पौड़ी की जिलाधिकारी स्वाती भदौरिया, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के मुख्य परियोजना प्रबंधक हिमांशु बडोनी, श्रीनगर की एसडीएम नूपुर वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #DhanSinghRawat #Srinagar #GNTSIStadium #RishikeshKarnprayagRailProject #DhariDevi #PauriGarhwal #Development



No Previous Comments found.