एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के कार्यों में तेजी लाएं : प्रदीप बत्रा

आगामी एआई समिट की तैयारियों के लिए समिति गठित करने के निर्देश, आईटीडीए, यूकॉस्ट, यूसेक और राइट टू सर्विस से जुड़े कार्यों की समीक्षा

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 21 Sep, 2026 08:22 PM
एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के कार्यों में तेजी लाएं : प्रदीप बत्रा

देहरादून, 21 सितंबर 2026। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने सोमवार को सूचना प्रौद्योगिकी विकास एजेंसी (आईटीडीए), उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट), उत्तराखंड राज्य उच्च शिक्षा परिषद (यूसेक) और राइट टू सर्विस से संबंधित योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान आईटीडीए से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए कैबिनेट मंत्री ने प्रदेश में प्रस्तावित एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों को देखते हुए उत्तराखंड को भी इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने होंगे। उन्होंने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

मंत्री ने आईटीडीए के बजट और विभिन्न योजनाओं की वित्तीय प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्वीकृत योजनाओं और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

एआई समिट की तैयारियों के लिए समिति गठित करने के निर्देश

बैठक में आगामी 9 तारीख को प्रस्तावित एआई समिट की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। कैबिनेट मंत्री ने समिट की तैयारियों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आईटीडीए स्तर पर तत्काल एक समिति गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समिति विभिन्न व्यवस्थाओं और गतिविधियों की जिम्मेदारियां तय करते हुए संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित करे, ताकि आयोजन की तैयारियों को समय से अंतिम रूप दिया जा सके।

यूकॉस्ट और यूसेक के कार्यों तथा विभिन्न योजनाओं की भी बैठक में समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को सूचना प्रौद्योगिकी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा सुशासन से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और उनका लाभ आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में आईटीडीए की ओर से सचिव पंकज पांडे, निदेशक आलोक पांडे, वित्त नियंत्रक डॉ. तंजीम अली, महाप्रबंधक (सॉफ्टवेयर) शिवानी गोठी, अमित जोशी और रविशंकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। यूकॉस्ट एवं यूसेक की ओर से डॉ. दुर्गेश पंत सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने सभी संबंधित संस्थाओं को बेहतर आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल प्रौद्योगिकी, विज्ञान एवं सुशासन से जुड़ी पहलों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

kitkat ad