भाजपा की नीतियों के खिलाफ बुलंद आवाज उठाएं कांग्रेस कार्यकर्ता: कुमारी शैलजा
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की बैठक; शैलजा ने संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने के दिए निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 8 Sep, 2026 08:55 PMदेहरादून, 8 सितंबर 2026। उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव और सांसद कुमारी शैलजा ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, देहरादून में पार्टी के विभिन्न फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा हुई।
कुमारी शैलजा ने सभी फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों को जल्द से जल्द अपनी कार्यकारिणी गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी संगठन प्रदेशभर में व्यापक दौरे करें और जनता के बीच सक्रिय होकर संगठन को मजबूत करें।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना होगा। शैलजा ने दलितों के साथ कथित अन्याय, महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान, बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर कार्यकर्ताओं से जनता के बीच मजबूती से आवाज उठाने का आह्वान किया।
‘संगठन कागजों तक सीमित न रहे’
कुमारी शैलजा ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को अपनी समस्या समझे और उनके समाधान के लिए संघर्ष करे। उन्होंने कहा कि पार्टी के विभाग और प्रकोष्ठ केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि जमीनी स्तर पर सक्रिय दिखाई दें और जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करें।
फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों की बैठक के बाद कुमारी शैलजा ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्षों, महामंत्रियों और सचिवों के साथ भी बैठक की। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस को प्रभावी ढंग से जनता की आवाज बनना होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण आम जनता, युवा, किसान, मजदूर, महिलाएं और गरीब वर्ग परेशान हैं। उन्होंने कांग्रेस पदाधिकारियों से इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाने और पार्टी के संघर्ष को मजबूत करने का आह्वान किया।
जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में भेजे जाएंगे प्रभारी
कुमारी शैलजा ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जल्द ही जिलों, महानगरों और विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रभारी नियुक्त किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी प्रभारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि संगठन को एकजुट करते हुए आगामी चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटना होगा। उन्होंने पदाधिकारियों से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।
गणेश गोदियाल ने कहा- एकजुट कार्यकर्ताओं की मेहनत से जीते जाते हैं चुनाव
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि चुनाव केवल नेताओं के प्रयास से नहीं, बल्कि एकजुट और समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत से जीते जाते हैं। उन्होंने प्रत्येक पदाधिकारी से संगठन के प्रति निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया।
गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा सरकार की नीतियों और फैसलों का तथ्यात्मक तरीके से विरोध करते हुए जनता की आवाज बनें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव, बूथ-बूथ और विधानसभा स्तर तक पहुंचकर जनता के साथ संवाद स्थापित करने तथा कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने को कहा।
बैठक में उत्तराखंड कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी, उपाध्यक्ष, महामंत्री, सचिव तथा विभिन्न फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#UttarakhandCongress #KumariSelja #GaneshGodiyal #Congress #Dehradun #UttarakhandPolitics #PoliticalNews



No Previous Comments found.