सेवा पखवाड़ा में योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाएं: कृषि मंत्री
17 सितंबर से शुरू होगा सेवा पखवाड़ा; प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर उत्तराखंड के करीब 10 लाख किसान घरों में जलाएंगे ‘आशीर्वाद का दीपक’
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 7 Sep, 2026 10:39 PMदेहरादून, 7 सितंबर। आगामी 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने देहरादून स्थित अपने कैंप कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया। बैठक में सेवा पखवाड़ा के दौरान प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा, तैयारियों और जनभागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विभिन्न राज्यों के कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्रियों से सेवा पखवाड़ा के कार्यक्रमों को लेकर सुझाव भी लिए। उन्होंने कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और अधिक से अधिक लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
अंतिम छोर तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा पखवाड़ा के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के साथ ही यह भी ध्यान रखा जाए कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
जोशी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का अवसर नहीं है, बल्कि पात्र लोगों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों से कार्यक्रमों को प्रभावी और जनकेंद्रित बनाने के निर्देश दिए।
17 सितंबर को किसान जलाएंगे ‘आशीर्वाद का दीपक’
कृषि मंत्री ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर उत्तराखंड के करीब 10 लाख किसान अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीपक’ जलाकर प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देंगे।
उन्होंने प्रदेशवासियों से भी इस पहल में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया। जोशी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक में निदेशक कृषि दिनेश कुमार और निदेशक उद्यान आरके सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#SevaPakhwada #GaneshJoshi #Uttarakhand #ShivrajSinghChouhan #NarendraModi #Agriculture #UttarakhandNews



No Previous Comments found.