कर्मठ धामी के नेतृत्व मे आगे बढ़ रहा राज्य, हैट्रिक निश्चित: तीरथ

तीरथ सिंह रावत के स्वागत में भाजपा कार्यालय में जुटे कार्यकर्ता, धामी बोले- जातिवादी और तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों की हार तय

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 2 Sep, 2026 10:27 PM
कर्मठ धामी के नेतृत्व मे आगे बढ़ रहा राज्य, हैट्रिक निश्चित: तीरथ

देहरादून, 2 सितंबर। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के पहली बार उत्तराखंड भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तीरथ सिंह रावत का पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया।

इस दौरान पार्टी कार्यालय में बड़ी संख्या में मंत्री, विधायक, दायित्वधारी, प्रदेश पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारों के साथ तीरथ सिंह रावत का स्वागत किया।

धामी बोले- 2027 में जीत की हैट्रिक के लिए तैयार भाजपा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीरथ सिंह रावत को नई जिम्मेदारी मिलने को पार्टी के लिए उत्साहवर्धक बताया। उन्होंने कहा कि तीरथ सिंह रावत ने एक अभिभावक और कार्यकर्ता के रूप में हमेशा संगठन को प्रेरित किया है और राष्ट्रीय स्तर पर उन्हें महत्वपूर्ण भूमिका मिलना उत्तराखंड के कार्यकर्ताओं के लिए गौरव की बात है।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश चुनाव की ओर बढ़ रहा है और विपक्ष की ओर से कथित तौर पर जातिवाद एवं तुष्टिकरण की राजनीति की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि ऐसी राजनीति करने वालों की हार तय है।

धामी ने हल्द्वानी में हुई एक घटना का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर आरोप लगाया कि ऐसी घटना का किसी जाति विशेष से संबंध नहीं होने के बावजूद उसे राजनीतिक और जातीय मुद्दे के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया। उन्होंने इसे दलित सम्मान के मुद्दे से जोड़ने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

मुख्यमंत्री ने रुद्रपुर के त्रिशूल चौक पर दिए गए एक कथित बयान का भी उल्लेख किया और कहा कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार तुष्टिकरण और अराजकता को स्वीकार नहीं करेगी।

उन्होंने महिलाओं को लेकर दिए गए एक कथित विवादित बयान का हवाला देते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। धामी ने सवाल उठाया कि ऐसे बयानों पर कांग्रेस नेतृत्व की ओर से सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया क्यों नहीं दी गई।

तीरथ सिंह रावत बोले- धामी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रहा राज्य

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत ने नई जिम्मेदारी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटना है, ताकि विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को आगे बढ़ाया जा सके।

रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि कर्मठ और जुझारू मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है और पार्टी के कार्यकर्ता उनके साथ खड़े हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन लगातार विस्तार कर रहा है। पार्टी में पद स्थायी नहीं होता, बल्कि कार्यकर्ता का पद ही स्थायी है। समय और आवश्यकता के अनुसार कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी जाती हैं।

तीरथ सिंह रावत ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ को मजबूत बनाने के लिए काम करना होगा और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ जुटना होगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए स्वागत के लिए आभार जताते हुए कहा कि नई जिम्मेदारी के बावजूद उनका कार्यकर्ताओं के साथ संवाद लगातार बना रहेगा।

महेंद्र भट्ट बोले- तीरथ का मार्गदर्शन संगठन के लिए महत्वपूर्ण

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि तीरथ सिंह रावत का नेतृत्व और मार्गदर्शन पार्टी कार्यकर्ताओं को समय-समय पर मिलता रहा है। उन्होंने उन्हें पार्टी का मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा कि अलग-अलग जिम्मेदारियों के दौरान तीरथ सिंह रावत ने संगठन के प्रति अपनी निष्ठा बनाए रखी।

भट्ट ने कहा कि तीरथ सिंह रावत ने मुख्यमंत्री, राज्य मंत्री और अन्य संगठनात्मक एवं सार्वजनिक भूमिकाओं में कार्य किया, लेकिन कभी पद को प्राथमिकता नहीं दी। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रति उनकी निरंतर निष्ठा का परिणाम है कि केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है।

प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि तीरथ सिंह रावत के नेतृत्व और मार्गदर्शन में भाजपा 2027 में उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के लिए कार्यकर्ता लगातार जुटे रहेंगे।

बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी रहे मौजूद

स्वागत कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और दीप्ति रावत, विधायक उमेश काऊ, प्रेमचंद अग्रवाल, मोहन सिंह रावत और सविता कपूर, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, दायित्वधारी ज्योति प्रसाद गैरोला, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत और प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #TirathSinghRawat #MahendraBhatt #BJP #UttarakhandPolitics #Dehradun #UttarakhandNews #2027AssemblyElection


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2