युवा आयोग की स्थापना से साकार होगी समृद्ध उत्तराखंड की संकल्पना: महेंद्र भट्ट

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने CM धामी की सात घोषणाओं को बताया दूरगामी प्रभाव वाला कदम, कहा—युवाओं के भविष्य और जनकल्याण पर केंद्रित है सरकार

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 16 Aug, 2026 06:58 PM
युवा आयोग की स्थापना से साकार होगी समृद्ध उत्तराखंड की संकल्पना: महेंद्र भट्ट

देहरादून, 16 अगस्त 2026। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा की गई सात महत्वपूर्ण घोषणाओं का स्वागत करते हुए कहा कि इन घोषणाओं का प्रदेश के विकास, जनकल्याण और युवाओं के भविष्य पर सकारात्मक एवं दूरगामी प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं में युवाओं के रोजगार, कौशल विकास, स्वरोजगार और उद्यमिता के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों के हितों को प्राथमिकता दी गई है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकारी सेवाओं के साथ गैर-सरकारी क्षेत्र में स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसर बढ़ाने पर भी सरकार का विशेष फोकस है। उन्होंने कहा कि चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्कों की स्थापना से पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर रोजगार और उद्यमिता के अवसर बढ़ेंगे। इससे युवाओं को अपने गृह क्षेत्र में ही रोजगार के विकल्प मिलेंगे और पलायन रोकने में भी मदद मिलेगी।

‘युवा आयोग’ की स्थापना को बताया महत्वपूर्ण निर्णय

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश में पहली बार ‘युवा आयोग’ की स्थापना के निर्णय को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे स्पष्ट है कि सरकार युवाओं से जुड़े विषयों को लेकर गंभीर है। आयोग के माध्यम से युवाओं के रोजगार, शिक्षा, कौशल विकास और अन्य संबंधित विषयों पर संस्थागत स्तर पर काम करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर शिक्षा, रोजगार और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए ऐसी संस्थागत व्यवस्था प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

सीमांत युवाओं, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को प्रोत्साहन

महेंद्र भट्ट ने सीमावर्ती गांवों के युवाओं, भूतपूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापित करने के लिए अतिरिक्त सहायता और प्रोत्साहन देने की घोषणा का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना और गांवों में विकास को गति देना सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि अग्निवीरों को सरकारी और गैर-सरकारी क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार पहले भी कई कदम उठा चुकी है। स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने की नई पहल से उनके अनुभव और कौशल का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा।

भूमि विनियमितीकरण और PM आवास योजना पर भी जोर

भट्ट ने वर्ग-3 एवं वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ाने तथा भूमिधरी अधिकार से जुड़े निर्णय को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लोग भूमि के नियमितीकरण की मांग कर रहे थे और इस निर्णय से संबंधित लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत राज्यांश को 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किए जाने को भी जरूरतमंद परिवारों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। उनके अनुसार इससे पात्र लाभार्थियों को अपना आवास तैयार करने में अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिल सकेगी।

18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए स्वरोजगार योजना

महेंद्र भट्ट ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना को युवाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए प्रस्तावित इस योजना के तहत IIT और IIM जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के सहयोग से निःशुल्क उद्यमिता एवं कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि उद्यम स्थापित करने के लिए बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि सरकार द्वारा अनुदान के रूप में उपलब्ध कराने का प्रावधान युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने में आर्थिक सहयोग देगा। इससे युवाओं को प्रशिक्षण के साथ स्वरोजगार स्थापित करने का अवसर मिलेगा।

‘बाल वीरता पुरस्कार’ का भी किया स्वागत

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश के बहादुर बच्चों को सम्मानित करने के लिए इस वर्ष से ‘बाल वीरता पुरस्कार’ शुरू करने के निर्णय का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ऐसे पुरस्कार बच्चों में साहस, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करेंगे।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिला, युवा और आमजन के हितों को ध्यान में रखते हुए लिए जा रहे निर्णयों से प्रदेश में सकारात्मक माहौल बना है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनकल्याणकारी नीतियों के माध्यम से उत्तराखंड आगामी दशक में देश के श्रेष्ठ राज्यों में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने भी मुख्यमंत्री की घोषणाओं को युवाओं और प्रदेश के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Uttarakhand #MahendraBhatt #PushkarSinghDhami #YouthCommission #YouthEmployment #Entrepreneurship #BJPUttarakhand #UttarakhandNews


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2