उत्तराखंड: ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के लिए कॉरपोरेट सेक्टर का सहयोग, सीएम धामी ने 15 वाहनों को दिखाई हरी झंडी

नेस्ले इंडिया ने सीएसआर के तहत उपलब्ध कराए सात इलेक्ट्रिक कचरा कलेक्शन वाहन, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को मिलेगा बल

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 25 Sep, 2026 02:35 PM
उत्तराखंड: ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के लिए कॉरपोरेट सेक्टर का सहयोग, सीएम धामी ने 15 वाहनों को दिखाई हरी झंडी

खटीमा, 25 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को खटीमा में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से 15 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें नेस्ले इंडिया की ओर से कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत उपलब्ध कराए गए सात इलेक्ट्रिक कचरा कलेक्शन वाहन भी शामिल हैं। इस पहल को ग्रामीण क्षेत्रों में कचरा संग्रहण और निस्तारण की व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

नेस्ले इंडिया ने धर्मपुर, छत्तरपुर, बिंदूखेड़ा (फौजी मटकोटा), कीरतपुर, बागवाला, दानपुर और नगला तराई के लिए एक-एक इलेक्ट्रिक कचरा कलेक्शन वाहन उपलब्ध कराया है। कार्यक्रम के दौरान ब्रिटानिया की ओर से स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ठोस एवं तरल अपशिष्ट के प्रभावी प्रबंधन के लिए आधुनिक संसाधनों के साथ जनभागीदारी और कॉरपोरेट सेक्टर का सहयोग भी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर विकसित किया जा रहा सेल्फ-सस्टेनिंग मॉडल स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी और टिकाऊ बनाने में सहायक होगा। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में कचरा संग्रहण, परिवहन और निस्तारण की व्यवस्था को व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाना है।

373 ग्राम पंचायतों के लिए 71 क्लस्टरों में कार्ययोजना

मुख्य विकास अधिकारी दिवेश सासनी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में ऊधम सिंह नगर जिले की 373 ग्राम पंचायतों में 71 क्लस्टरों के माध्यम से ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार की गई है। नगर निकायों से लगे ग्रामीण क्षेत्रों और प्रमुख स्थानीय बाजारों में नियमित कूड़ा संग्रहण एवं निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित नगर निकायों के साथ एमओयू किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जिले में अपशिष्ट प्रबंधन के लिए कुल 231 वाहनों का बेड़ा तैयार किया गया है। इसमें स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत उपलब्ध कराए गए 134 ई-रिक्शा और 75 ट्रैक्टर-ट्रॉली शामिल हैं। इसके अलावा सीएसआर और अन्य योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध कराए गए वाहन भी इस व्यवस्था का हिस्सा हैं। विभिन्न विकासखंडों में जिला पंचायत की ओर से कॉम्पेक्टर का संचालन भी किया जा रहा है।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश सासनी, अपर सचिव मुख्यमंत्री एवं सदस्य सचिव सीएसआर मनमोहन मैनाली तथा नेस्ले इंडिया के कॉरपोरेट अफेयर्स एवं सस्टेनेबिलिटी डायरेक्टर कुंवर हिम्मत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #Khatima #WasteManagement #SolidWasteManagement #CSR #NestleIndia #SwachhBharat #UdhamsinghNagar


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

kitkat ad