बनबसा-टनकपुर के विकास को मिलेगी नई गति, सीएम धामी ने की चार बड़ी घोषणाएं
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 4 Oct, 2026 09:22 PMदेहरादून, 04 अक्टूबर 2026 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चम्पावत जिले के बनबसा में क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। सरकार की ओर से सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ स्थानीय स्तर पर लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान पर जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में बनबसा और टनकपुर क्षेत्र के लिए इन घोषणाओं को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में श्रेणी-1 ‘ख’ के पट्टे एवं तराई-भाभर स्टेट के पट्टे की भूमि के पट्टेदारों के विनियमितीकरण की कार्यवाही यथाशीघ्र की जाएगी। मुख्यमंत्री ने शारदा कॉरिडोर एवं कैनाल कॉरिडोर के तहत बनबसा और टनकपुर के प्राचीन एवं पौराणिक मंदिरों के सौंदर्यीकरण और विस्तारीकरण की घोषणा भी की। इससे क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में काम होगा। वहीं, ए.पी.जे. अब्दुल कलाम राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, टनकपुर के विस्तारीकरण के लिए 2.01 हेक्टेयर भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा की गई है। इससे संस्थान में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार का रास्ता खुलेगा। बनबसा और टनकपुर के शहरी निकायों में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत सरकारी भूमि पर लंबे समय से कच्चे और अस्थायी भवनों में रह रहे नागरिकों के लिए स्थायी एवं पक्के आवास उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई। इस पहल से ऐसे परिवारों को सुरक्षित और बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। बनबसा और टनकपुर में बुनियादी सुविधाओं, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों, शिक्षा और आवास से जुड़े विषयों को घोषणाओं में प्रमुखता दी गई है। सरकार के अनुसार, इन क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए समग्र और संतुलित विकास की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।



No Previous Comments found.