अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, गणेश जोशी ने कहा—बुजुर्ग अनुभव के विश्वविद्यालय

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले वरिष्ठ नागरिकों को किया सम्मानित, युवाओं से माता-पिता और बुजुर्गों के साथ समय बिताने की अपील

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 1 Oct, 2026 09:52 PM
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, गणेश जोशी ने कहा—बुजुर्ग अनुभव के विश्वविद्यालय

देहरादून, 1 अक्टूबर। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अपने कैंप कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठजनों को शुभकामनाएं देते हुए उनके अनुभव, योगदान और पारंपरिक ज्ञान को समाज की महत्वपूर्ण धरोहर बताया।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस हमारी संस्कृति, संस्कार और अपनी जड़ों को सम्मान देने का अवसर है। उत्तराखंड की संस्कृति में माता-पिता और बुजुर्गों को देवतुल्य माना जाता है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक केवल उम्र के आधार पर वरिष्ठ नहीं हैं, बल्कि वे अनुभव के विश्वविद्यालय हैं। उनके त्याग, परिश्रम और जीवनानुभव से परिवार, समाज और प्रदेश को दिशा मिलती है।

बुजुर्गों के पारंपरिक ज्ञान को कृषि नीति से जोड़ने पर जोर

गणेश जोशी ने कहा कि आधुनिक दौर में संयुक्त परिवारों के बिखरने और युवाओं के रोजगार के लिए दूसरे शहरों एवं राज्यों में जाने के कारण कई बुजुर्गों को अकेलेपन का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में समाज और परिवार की जिम्मेदारी है कि वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान, सुरक्षा और अपनापन मिले।

उन्होंने उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों के बुजुर्गों के पारंपरिक ज्ञान का उल्लेख करते हुए कहा कि मंडुवा, झंगोरा और चौलाई जैसे पारंपरिक मिलेट्स को पीढ़ियों तक संरक्षित रखने में बुजुर्गों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आज इन्हीं अनाजों को दुनिया भर में पौष्टिक खाद्य पदार्थों के रूप में पहचान मिल रही है। उन्होंने कहा कि जैविक खेती और मिलेट्स के संरक्षण में बुजुर्गों के पारंपरिक ज्ञान को कृषि नीति से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।

युवाओं से रोज 10 मिनट बुजुर्गों के साथ बिताने की अपील

कैबिनेट मंत्री ने प्रदेश के युवाओं से अपील की कि वे प्रतिदिन कम से कम 10 मिनट अपने माता-पिता और दादा-दादी के साथ बैठें, उनकी बातें सुनें और उनका आशीर्वाद लें। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के साथ संवाद न केवल उन्हें भावनात्मक सहारा देता है, बल्कि नई पीढ़ी को जीवन के अनुभवों और संस्कारों से भी जोड़ता है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार वृद्धजनों के कल्याण के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य कर रही है। उनके अनुसार, वृद्धावस्था पेंशन की राशि बढ़ाकर 1,500 रुपये प्रतिमाह की गई है और इसका भुगतान डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में किया जा रहा है।

जोशी ने बताया कि ‘मेरा गांव, मेरे बुजुर्ग मेरी जिम्मेदारी’ अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जांच और सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के जिलों में पारंपरिक वृद्धाश्रमों के स्थान पर ‘आनंद आश्रम’ विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, जहां बुजुर्गों को घर जैसा वातावरण, भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं और योग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल है।

उन्होंने यह भी कहा कि समाज कल्याण विभाग की ओर से वरिष्ठ नागरिकों को श्रवण यंत्र, व्हीलचेयर, वॉकर और आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया जा रहा है।

इन वरिष्ठ नागरिकों को किया गया सम्मानित

समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में जेएन यादव (सेवानिवृत्त इंजीनियर), 86 वर्ष; डॉ. एम.आर. चौरसिया (सेवानिवृत्त प्रोफेसर), 83 वर्ष; ब्रिगेडियर केजी बहल (सेवानिवृत्त), 92 वर्ष; कैप्टन खेम बहादुर थापा (सेवानिवृत्त), 88 वर्ष; कैप्टन प्रेम सिंह बोरा (सेवानिवृत्त), 83 वर्ष; मस्तान सिंह रावत (सेवानिवृत्त, सर्वे ऑफ इंडिया), 82 वर्ष; आरएस परिहार (वरिष्ठ भाजपा नेता), 86 वर्ष; मोहन लाल गांधी (सेवानिवृत्त, ओएनजीसी), 87 वर्ष; ऊषा डोभाल (वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता), 90 वर्ष; कृपाल सिंह चावला (संस्थापक अध्यक्ष, दून सिख वेलफेयर सोसाइटी), 91 वर्ष और मंगल सिंह जवाड़ी, 98 वर्ष शामिल रहे।

कार्यक्रम के दौरान सम्मानित वरिष्ठ नागरिकों ने अपने अनुभव साझा किए और आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर दायित्वधारी ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट और रघुवीर सिंह भंडारी, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, राजीव गुरुंग, निरंजन डोभाल, सुरेंद्र राणा, आशीष थापा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#InternationalDayOfOlderPersons #Dehradun #GaneshJoshi #Uttarakhand #SeniorCitizens #UttarakhandGovernment


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

kitkat ad