बारिश को लेकर उत्तराखंड में अलर्ट, आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने संभाली कमान
मुख्यमंत्री ने भी लिया बारिश एवं आपदा प्रबंधन की स्थिति का अपडेट, फील्ड में सभी अधिकारी अलर्ट मोड पर
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 26 Sep, 2026 07:03 PMदेहरादून, 26 सितंबर 2026। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की आगामी चेतावनी को देखते हुए शासन स्तर पर निगरानी और तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने शनिवार को पूरे दिन राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में उपस्थित रहकर प्रदेश में बारिश की स्थिति की समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने विभिन्न जनपदों के अधिकारियों के साथ बैठक कर वर्षा की स्थिति, संवेदनशील क्षेत्रों और संभावित चुनौतियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्रदेश की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी जिलों से नियमित फीडबैक लिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश
सचिव आपदा प्रबंधन ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रदेश में बारिश की स्थिति और आपदा प्रबंधन की तैयारियों के संबंध में जानकारी ली है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में सभी जिलों और संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि फील्ड में तैनात टीमें और अधिकारी अलर्ट मोड पर हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों को तैयार रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किया जा सके।
संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश
विनोद कुमार सुमन ने जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों को सक्रिय रखने तथा किसी भी घटना की सूचना तत्काल राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव टीमों को बिना देरी के प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना किया जाए।
27 सितंबर को पांच जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग की 27 सितंबर की चेतावनी को देखते हुए राज्य के सभी जिलों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार 27 सितंबर को देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार और रुद्रप्रयाग में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं उत्तरकाशी, चमोली और ऊधमसिंह नगर में ऑरेंज अलर्ट तथा नैनीताल, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
नदी-नालों और गदेरों के आसपास आवाजाही से बचने की अपील
सचिव आपदा प्रबंधन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के दौरान नदी-नालों और गदेरों के आसपास अनावश्यक आवाजाही को रोका जाए। स्थानीय लोगों और यात्रियों को मौसम की स्थिति तथा संभावित जोखिमों के संबंध में लगातार जानकारी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, पेयजल सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
विनोद कुमार सुमन ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में सभी अधिकारी और फील्ड टीमें पूरी तरह सतर्क रहें। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के साथ राहत एवं बचाव कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्रदेश की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।



No Previous Comments found.