‘आंगन मिलन सेवा’ से मातृशक्ति और नौनिहालों तक पहुंचेगा सेवा का संकल्प: रुचि भट्ट

सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा महिला मोर्चा ने देशभर में शुरू किया ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम, उत्तराखंड में 581 कार्यक्रम आयोजित

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 25 Sep, 2026 09:55 PM
‘आंगन मिलन सेवा’ से मातृशक्ति और नौनिहालों तक पहुंचेगा सेवा का संकल्प: रुचि भट्ट

देहरादून, 25 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा यात्रा को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की ओर से ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का देशभर में शुभारंभ किया गया। सेवा, संवाद और जनभागीदारी के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने के उद्देश्य से शुरू की गई इस पहल में आंगनवाड़ी केंद्रों को माताओं, बच्चों और परिवारों के साथ जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल सरकारी सेवाओं के वितरण का माध्यम नहीं हैं, बल्कि गांव और समाज के स्तर पर मातृशक्ति, बाल विकास, पोषण और परिवार कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण केंद्र हैं। ‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से महिलाओं और बच्चों के साथ सीधे संवाद स्थापित कर उन्हें पोषण, स्वास्थ्य, बाल विकास और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

देशभर में 4,406 कार्यक्रम, उत्तराखंड में 581 आयोजन

रुचि भट्ट के अनुसार, देशभर में लगभग 14 लाख आंगनवाड़ी केंद्रों का नेटवर्क है, जिसमें उत्तराखंड के 20,067 आंगनवाड़ी केंद्र भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत देशभर में आयोजित 4,406 कार्यक्रमों में से 581 कार्यक्रम उत्तराखंड में आयोजित किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में बड़ी संख्या में कार्यक्रमों का आयोजन प्रदेश की महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और सेवा कार्यों को समाज तक पहुंचाने के प्रयास को दर्शाता है।

रुचि भट्ट ने बताया कि गुजरात में 995 और पश्चिम बंगाल में 675 कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से संगठन और समाज के बीच संवाद तथा जनभागीदारी को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

मातृ-शिशु स्वास्थ्य और पोषण पर जागरूकता

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल शिक्षा और महिलाओं से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के योगदान को सम्मान देना भी कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों के दौरान बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करने, पोषण एवं मातृ-शिशु कल्याण से जुड़ी जानकारी साझा करने तथा आंगनवाड़ी कर्मियों के योगदान को सम्मानित करने जैसी गतिविधियों पर भी जोर दिया जा रहा है।

पर्वतीय क्षेत्रों में आंगनवाड़ी केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका

रुचि भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में आंगनवाड़ी केंद्रों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। दूरस्थ गांवों तक स्वास्थ्य, पोषण और बाल विकास से संबंधित जानकारी पहुंचाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और उनके योगदान का सम्मान समाज में सेवा की भावना को मजबूत करने में सहायक होगा।

उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य सेवा को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए सामाजिक जिम्मेदारी और संस्कार के रूप में आगे बढ़ाना है। ‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से महिला मोर्चा परिवार, माताओं और बच्चों के साथ सीधे जुड़कर जनसेवा और जनसंवाद को मजबूत करने का प्रयास कर रहा है।

रुचि भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए महिला मोर्चा लगातार जनसेवा और जनसंवाद के माध्यम से कार्य कर रहा है। ‘आंगन मिलन सेवा’ इसी दिशा में एक पहल है, जिसमें मातृशक्ति और नौनिहालों को सेवा गतिविधियों के केंद्र में रखा गया है।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Uttarakhand #BJP #BJP Mahila Morcha #AanganMilanSeva #SevaSankalpAbhiyan #Dehradun #Anganwadi #RuchiBhatt


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.